कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका, 48 साल की उम्र में अभिनेता दिलीप राज का निधन, हार्ट अटैक से गई जान

कन्नड़ फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता और निर्माता दिलीप राज का 48 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
दिलीप राज के अचानक निधन की खबर सामने आते ही पूरी कन्नड़ इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। उनके फैंस, सह-कलाकार और इंडस्ट्री से जुड़े लोग सोशल मीडिया के जरिए अभिनेता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
अचानक निधन से सदमे में इंडस्ट्री
दिलीप राज के निधन ने कन्नड़ सिनेमा और टीवी जगत को गहरा झटका दिया है। अभिनेता के करीबी और इंडस्ट्री से जुड़े कलाकार लगातार उनके साथ बिताए पलों को याद कर रहे हैं।
वरिष्ठ अभिनेता डोडन्ना ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि दिलीप राज का परिवार उनके परिवार से लंबे समय से जुड़ा हुआ था और अभिनेता का यूं अचानक चले जाना बेहद दर्दनाक है।
डोडन्ना ने भावुक होते हुए कहा कि दिलीप राज उनके बच्चों जैसे थे और इस खबर ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया है।
फिल्मों से लेकर टीवी तक बनाई थी अलग पहचान
दिलीप राज सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं थे, बल्कि उन्होंने टेलीविजन, थिएटर और डबिंग की दुनिया में भी अपनी खास पहचान बनाई थी। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई चर्चित फिल्मों और धारावाहिकों में काम किया।
उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘मिलन’, ‘यू-टर्न’, ‘ऑर्केस्ट्रा मैसूर’, ‘बॉयफ्रेंड’ और ‘लव मॉकटेल 3’ शामिल हैं। खास तौर पर फिल्म ‘मिलन’ में दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार के साथ उनकी परफॉर्मेंस को काफी सराहा गया था।
इस फिल्म में निभाए गए उनके नकारात्मक किरदार ने दर्शकों और समीक्षकों दोनों का ध्यान खींचा था।
टीवी दर्शकों के बीच भी थे बेहद लोकप्रिय
फिल्मों के अलावा दिलीप राज कन्नड़ टेलीविजन का भी जाना-माना चेहरा थे। उन्होंने ‘हिटलर कल्याणा’, ‘कंबड़ा माने’, ‘जननी’, ‘अर्ध सत्य’, ‘रंगोली’, ‘कुमकुम भाग्य’, ‘मंगल्या’ और ‘प्रीतिगति’ जैसे कई लोकप्रिय धारावाहिकों में अभिनय किया।
बाद में उन्होंने ‘रथसप्तमी’ के जरिए छोटे पर्दे पर वापसी की थी। अभिनय के साथ-साथ उन्होंने कई रियलिटी शोज की मेजबानी भी की।
निर्माता के तौर पर भी किया शानदार काम
दिलीप राज ने अभिनय के साथ निर्माण क्षेत्र में भी सफलता हासिल की थी। उन्होंने अपने बैनर ‘डीआर क्रिएशन्स’ के तहत कई टीवी शोज का निर्माण किया।
उनके द्वारा निर्मित धारावाहिकों में ‘पारू’, ‘ना निन्ना बिदलारे’ और ‘कृष्णा रुक्कू’ जैसे नाम शामिल हैं। वहीं ‘हिटलर कल्याणा’ में निभाए गए मुख्य किरदार ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया था।



