
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं से मिली राहत अब ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि राजधानी समेत पूरे एनसीआर में एक बार फिर गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाने वाली है। आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा और लोगों को उमस के साथ झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अगले 6 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। बृहस्पतिवार से तापमान लगातार चढ़ेगा और अधिकतम पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 29 डिग्री सेल्सियस तक जाने के आसार हैं। हालांकि फिलहाल लू चलने की संभावना कम बताई गई है।
बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश और तेज हवाओं से मिली थी राहत
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
बुधवार शाम साढ़े पांच बजे से रात साढ़े आठ बजे के बीच राजधानी के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में 1.8 मिमी, पालम में 2.0 मिमी, जाफरपुर में 0.5 मिमी और जनकपुरी में 1.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
बारिश और तेज हवाओं का असर तापमान पर भी देखने को मिला। नजफगढ़, आयानगर, सफदरजंग, नारायणा और पालम समेत कई इलाकों में तापमान 2 से 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से अस्थायी राहत मिली।
गाजियाबाद में आंधी और ओलावृष्टि से बदला मौसम
गाजियाबाद में बुधवार रात करीब सवा नौ बजे तेज आंधी के साथ बारिश हुई। कई इलाकों में ओले भी गिरे। मौसम बदलने से लोगों को राहत जरूर मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है।
कस्बा निवाड़ी, खिदौड़ा, पतला और नगला आक्खू समेत कई गांवों में आम की फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एयर क्वालिटी इंडेक्स 164 रिकॉर्ड किया गया।
फरीदाबाद में उमस के बाद मूसलाधार बारिश
फरीदाबाद में दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को मौसम ने अचानक करवट ले ली। शाम करीब साढ़े सात बजे तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
दिन में जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस था, वहीं बारिश के बाद यह घटकर 32 डिग्री तक पहुंच गया। तेज हवाओं और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई।
नोएडा के कई सेक्टरों में गुल रही बिजली
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी बुधवार रात तेज हवा और बारिश का असर देखने को मिला। कई सेक्टरों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सेक्टर-11, 12, 15, 19, 20, 22, 27, 30, 31, 33, 34, 36, 37, 40, 49, 55, 56, 99, 110, 122 और 129 समेत कई इलाकों में बिजली गुल हो गई थी। बाद में हालात सामान्य होने पर सप्लाई बहाल कर दी गई।
बारिश के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण स्तर में भी सुधार देखने को मिला। नोएडा का एक्यूआई 160 और ग्रेटर नोएडा का 145 दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में काफी कम रहा।



