
नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित कुम्हारी इलाके में मंगलवार दोपहर दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि बिजली के पोल पर हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते झुग्गी को आग की चपेट में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक यह घटना कुम्हारी के वार्ड संख्या 4 स्थित खपरी रोड इलाके में हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक बिजली के पोल पर लगे तार में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में मौजूद छप्पर वाले घर ने कुछ ही मिनटों में आग पकड़ ली।
घर के भीतर सो रहे थे परिवार के सदस्य
पुलिस के अनुसार हादसे के वक्त परिवार के चार सदस्य घर के भीतर सो रहे थे। आग ने इतनी तेजी से पूरे घर को अपनी चपेट में लिया कि किसी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। देखते ही देखते पूरा घर आग की लपटों में घिर गया।
इस दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय होमदास उर्फ अनिल वैष्णव, उसकी 18 वर्षीय बेटी लक्ष्मी वैष्णव, 17 वर्षीय बेटी चांदनी वैष्णव और डेढ़ साल की नतिनी गोपिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए।
मजदूरी पर गई थीं परिवार की महिलाएं, इसलिए बच गई जान
बताया जा रहा है कि हादसे के समय होमदास की पत्नी गिरिजा बाई और भारती मजदूरी करने बाहर गई हुई थीं। इसी वजह से उनकी जान बच गई। परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर था और मजदूरी कर अपना गुजारा करता था। जिस घर में आग लगी, उसकी छत छप्पर की बनी हुई थी, जिसके कारण आग ने बेहद तेजी से विकराल रूप ले लिया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह बिजली के तार में हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।



