राजनीतिराष्ट्रीय

केरल में नए मुख्यमंत्री पर घमासान, BJP का हमला- ‘IUML के इशारे पर चलेगी कांग्रेस सरकार’

नई दिल्ली : केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर पिछले 11 दिनों से चल रहा सियासी सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है। कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन को विधायक दल का नेता चुनते हुए राज्य का अगला मुख्यमंत्री घोषित कर दिया। इस ऐलान के बाद जहां कांग्रेस और यूडीएफ खेमे में जश्न का माहौल है, वहीं भाजपा ने इस फैसले को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

भाजपा ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री का चयन कांग्रेस विधायकों की राय से नहीं, बल्कि सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के दबाव में किया गया है। पार्टी का कहना है कि आने वाले पांच वर्षों तक केरल की सरकार “रिमोट कंट्रोल” से संचालित होगी।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के जनादेश और विधायकों की पसंद को नजरअंदाज कर मुस्लिम लीग की पसंद को मुख्यमंत्री बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हाईकमान ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और जमात के दबाव में यह फैसला लिया।

वीडी सतीशन को लेकर BJP का बड़ा हमला

एक वीडियो संदेश में शहजाद पूनावाला ने कहा कि वीडी सतीशन कांग्रेस के नहीं, बल्कि मुस्लिम लीग के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने दावा किया कि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग नेतृत्व ने पहले ही कांग्रेस हाईकमान को अपनी पसंद बता दी थी और उसी आधार पर बाकी दावेदारों को किनारे कर दिया गया।

भाजपा प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी ने वायनाड की राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वीडी सतीशन के नाम पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुस्लिम लीग और जमात को साधने के लिए कांग्रेस ने यह फैसला लिया है।

सोशल मीडिया पर BJP ने कांग्रेस को घेरा

वहीं भाजपा केरल इकाई ने भी सोशल मीडिया पर कई मीम साझा कर कांग्रेस पर तंज कसा। एक पोस्ट में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग नेता सैयद सादिक अली शिहाब थंगल को सत्ता का केंद्र बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व को उनके सामने झुका हुआ दिखाया गया। भाजपा ने दावा किया कि कांग्रेस अब केरल में मुस्लिम लीग के बिना राजनीतिक रूप से टिक नहीं सकती।

कांग्रेस ने आरोपों पर नहीं दी आधिकारिक प्रतिक्रिया

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच कांग्रेस की ओर से भाजपा के आरोपों पर अभी तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि पार्टी नेताओं का कहना है कि विधायक दल ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सर्वसम्मति से वीडी सतीशन को नेता चुना है।

विधानसभा चुनाव में UDF को मिली थी बड़ी जीत

हाल ही में हुए केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूडीएफ गठबंधन ने 140 में से 102 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इनमें कांग्रेस को 63 सीटें मिलीं, जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग को 22 सीटों पर सफलता हासिल हुई। इसके अलावा केरल कांग्रेस को 8 सीटें और अन्य सहयोगी दलों को भी जीत मिली थी।

Related Articles

Back to top button