
रायपुर: राजधानी रायपुर स्थित न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को अचानक बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। यह विशेष अभियान डीसीपी सेंट्रल जोन एवं क्राइम के निर्देश पर न्यायालय की अनुमति से संचालित किया गया।
100 से अधिक जवानों के साथ चला व्यापक सर्च ऑपरेशन
अभियान में मध्य जोन के विभिन्न थानों का स्टाफ, एसीसीयू, पुलिस लाइन और बीडीएस टीम सहित 100 से अधिक जवान शामिल रहे। पुलिस ने पूरे न्यायालय परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी।
संदिग्ध गतिविधियों पर 8 लोगों के खिलाफ कार्रवाई
चेकिंग के दौरान परिसर में संदिग्ध रूप से घूमते और उपद्रव की आशंका पैदा करने वाले 6 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
पुलिस ने आशुतोष साहू उर्फ अमन (दलदल सिवनी), विराज सेन्द्रे (आमापारा), भुवनेश्वर चौधरी उर्फ बिट्टू (न्यू राजेंद्र नगर), गोलू नेताम उर्फ कामता (कुशालपुर), पवन कोसरिया (खरोरा) और दुन्नो कुल्हरिया (न्यू राजेंद्र नगर) के खिलाफ कार्रवाई की है।
चाकू के साथ 2 युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
अभियान के दौरान पुलिस ने दो युवकों को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान मयंक सोनी और विनोद सारथी के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से एक-एक चाकू बरामद किया गया। इनके खिलाफ सिविल लाइन थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का सख्त संदेश: सुरक्षा को लेकर जारी रहेंगे अभियान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे आकस्मिक चेकिंग अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।



