
यूपी से राजस्थान तक गर्मी का कहर, बांदा और फलोदी बने सबसे तपते शहर; कई इलाकों में लू का अलर्ट
लखनऊ/जयपुर: उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दोनों राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई शहरों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने की आशंका जताई है। साथ ही कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश में शनिवार को बांदा सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण दिनभर लोग बेहाल नजर आए। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रयागराज में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस जबकि झांसी में 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यूपी के कई शहरों में 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा
प्रदेश के उरई में 43.4 डिग्री सेल्सियस और हमीरपुर में 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। आगरा में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि वाराणसी (बीएचयू) और गाजीपुर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
फुर्सतगंज में 41.7 डिग्री, सुलतानपुर में 41.5 डिग्री और चूर्क में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वाराणसी एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आजमगढ़ में पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कानपुर और बलिया में भी गर्मी से राहत नहीं
कानपुर नगर और बलिया में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अलीगढ़ में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने कहा है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है।
रविवार को लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
राजस्थान में फिर लौट रही भीषण गर्मी
राजस्थान में भी तापमान में बढ़ोतरी के साथ तेज गर्मी का दौर फिर शुरू हो गया है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 16 मई से राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में 16 और 17 मई को मेघगर्जन के साथ आंधी चल सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
फलोदी में सबसे ज्यादा 44.8 डिग्री तापमान दर्ज
राजस्थान में शनिवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहा। कई इलाकों में उष्ण रात्रि और लू जैसी स्थिति दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक तापमान फलोदी में 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।



