हज यात्रियों को बड़ी राहत: केंद्र सरकार ने लॉन्च किया ‘शॉर्ट हज पैकेज’, अब सिर्फ 20 दिनों में पूरी होगी यात्रा

कोच्चि: केंद्र सरकार ने हज यात्रा को अधिक सुविधाजनक और कम समय में पूरा करने योग्य बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। हज 2026 के लिए पहली बार ‘शॉर्ट हज पैकेज’ शुरू करने की घोषणा की गई है। इस नई व्यवस्था के तहत भारतीय तीर्थयात्री अब करीब 20 दिनों में हज की सभी जरूरी रस्में पूरी कर वापस लौट सकेंगे।
केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह पहल खासतौर पर उन कामकाजी पेशेवरों और व्यापारियों की मांग पर शुरू की गई है, जिनके लिए 40 से 45 दिनों तक काम से दूर रहना मुश्किल होता है।
10 हजार तीर्थयात्री उठाएंगे नई सुविधा का लाभ
सरकार की इस नई योजना के तहत लगभग 10 हजार तीर्थयात्री शॉर्ट हज पैकेज के जरिए यात्रा करेंगे। सामान्य हज यात्रा की तुलना में यह अवधि काफी कम होगी, लेकिन सभी धार्मिक रस्में पूरी तरह निभाई जाएंगी।
सरकार का कहना है कि तीर्थयात्रियों से लगातार यह मांग आ रही थी कि उन्हें ऐसा विकल्प दिया जाए, जिससे मुख्य धार्मिक अनुष्ठान पूरे करने के बाद जल्दी भारत लौटने की सुविधा मिल सके। इसी को ध्यान में रखते हुए पहली बार यह विशेष पैकेज तैयार किया गया है।
सामान्य हज यात्रा में लगते हैं 40 से 45 दिन
बयान के मुताबिक सामान्य हज यात्रा की अवधि 40 से 45 दिनों की होती है, जबकि शॉर्ट हज पैकेज के तहत सऊदी अरब में प्रवास की अवधि घटाकर करीब 20 दिन कर दी गई है। इससे खासकर नौकरीपेशा लोगों और कारोबारी वर्ग को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
17 मई से शुरू होगा शॉर्ट हज पैकेज
केंद्रीय मंत्री के कार्यालय के अनुसार यह विशेष हज पैकेज 17 मई से 5 जून तक संचालित किया जाएगा। पहली उड़ान 17 मई को कोच्चि से रवाना होगी, जिसे केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन दोपहर 12:30 बजे हरी झंडी दिखाएंगे।
इसके अलावा दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद समेत देश के कई प्रमुख शहरों से भी हज यात्रियों के लिए उड़ानें निर्धारित की गई हैं।
कामकाजी लोगों के लिए आसान होगी हज यात्रा
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य हज यात्रा को अधिक सुलभ और व्यावहारिक बनाना है, ताकि पेशेवर और कारोबारी वर्ग के लोग भी कम समय में अपनी धार्मिक जिम्मेदारियां पूरी कर सकें। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया है कि यात्रा की अवधि कम होने के बावजूद हज की सभी अनिवार्य धार्मिक प्रक्रियाएं पूरी हों।



