स्पोर्ट्स

आज होगा टीम इंडिया का ऐलान, अफगानिस्तान सीरीज के लिए किसे मिलेगा मौका? जानिए पूरा शेड्यूल और संभावित स्क्वॉड

नई दिल्ली: अफगानिस्तान के खिलाफ जून में खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान आज किया जा सकता है। गुवाहाटी में चयन समिति की अहम बैठक होने वाली है, जिसमें टेस्ट और वनडे दोनों प्रारूपों के लिए खिलाड़ियों के नामों पर मुहर लग सकती है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर स्थिति साफ नहीं होने के कारण वनडे टीम का ऐलान बाद में भी किया जा सकता है।

आईपीएल 2026 का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा और इसके एक सप्ताह के भीतर ही भारतीय टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेगी। भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाना है। भले ही यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है, लेकिन चयनकर्ता मजबूत टीम उतारने के मूड में नजर आ रहे हैं।

टेस्ट टीम में कई बड़े नाम तय, कुछ नए चेहरों पर नजर

संभावित टेस्ट टीम में युवा खिलाड़ियों और अनुभवी सितारों का संतुलन देखने को मिल सकता है। शुभमन गिल को कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों की वापसी लगभग तय मानी जा रही है।

भारत की संभावित टेस्ट टीम में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, वॉशिंगटन सुंदर, साई सुदर्शन, रविंद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, ध्रुव जुरेल, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप और आकिब नबी डार को मौका मिल सकता है।

वनडे टीम में हो सकते हैं बड़े बदलाव

एकमात्र टेस्ट मैच के बाद 14 जून से भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी। इस सीरीज के लिए टीम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम दिए जाने की चर्चा है। ऐसे में आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रिंस यादव को मौका मिल सकता है।

विकेटकीपर के तौर पर भी बदलाव संभव हैं। ऋषभ पंत को आराम दिया जा सकता है, जबकि ईशान किशन और संजू सैमसन के नामों पर चयनकर्ता विचार कर सकते हैं।

संभावित वनडे टीम में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस यादव को शामिल किया जा सकता है।

अफगानिस्तान दौरे का पूरा शेड्यूल

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। मुकाबला सुबह साढ़े 9 बजे शुरू होगा।

इसके बाद वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ में और तीसरा मुकाबला 20 जून को चेन्नई में होगा। तीनों वनडे मैच दोपहर डेढ़ बजे शुरू होंगे।

फिटनेस और वर्कलोड पर भी रहेगी नजर

आईपीएल के तुरंत बाद अंतरराष्ट्रीय सीरीज शुरू होने के चलते चयनकर्ता खिलाड़ियों के वर्कलोड और फिटनेस को ध्यान में रखकर फैसला ले सकते हैं। ऐसे में कुछ सीनियर खिलाड़ियों को आराम देकर युवा खिलाड़ियों को मौका दिए जाने की संभावना भी काफी मजबूत मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button