IND vs PAK Final: अभिषेक-तिलक की तूफानी फिफ्टी, दुबे ने भी मचाई धूम; भारत ने पाकिस्तान को दिया 212 रन का लक्ष्य

निसिन: एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान के सामने 212 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए। अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने आक्रामक पारियां खेलकर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। पाकिस्तान के खिलाफ टी20 क्रिकेट में भारत का यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा टी20 स्कोर
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले 2012 में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 192 रन बनाए थे। अब एशियन गेम्स के फाइनल में भारतीय टीम ने 211 रन बनाकर नया रिकॉर्ड कायम किया।
खास बात यह रही कि जिस पिच पर स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल रही थी, वहां भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में रन बनाए। पाकिस्तान को स्वर्ण पदक जीतने के लिए 212 रन बनाने होंगे।
अभिषेक शर्मा ने फिर मचाया तूफान
अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 28 गेंदों पर 61 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और सात छक्के शामिल रहे। अभिषेक ने इस दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां अर्धशतक लगाया।
भारत की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 28 रन जोड़े। वैभव को सैम अयूब ने आउट किया। उन्होंने नौ गेंदों में दो छक्कों की मदद से 15 रन बनाए। इसके बाद संजू सैमसन सिर्फ दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
श्रेयस-ईशान ने संभाली पारी
दो शुरुआती झटकों के बाद अभिषेक शर्मा और श्रेयस अय्यर ने भारतीय पारी को संभाला। दोनों के बीच 24 गेंदों पर 42 रन की साझेदारी हुई। अभिषेक के आउट होने के बाद श्रेयस ने ईशान किशन के साथ चौथे विकेट के लिए 32 गेंदों में 35 रन जोड़े।
इसके बाद भारत ने सिर्फ पांच रन के अंतराल में ईशान किशन और श्रेयस अय्यर के विकेट गंवा दिए। ईशान 18 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों पर 21 रन बनाए। उनकी पारी में दो चौके शामिल रहे।
तिलक वर्मा और दुबे ने पलटा मैच
इसके बाद तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने भारतीय पारी को नई रफ्तार दी। दोनों ने छठे विकेट के लिए 30 गेंदों पर 62 रन की तेज साझेदारी की। दुबे ने 15 गेंदों पर दो चौके और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाए।
दुबे के आउट होने के बाद भी तिलक वर्मा ने पाकिस्तान के गेंदबाजों पर हमला जारी रखा। उन्होंने महज 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 22 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे।
आखिरी ओवर में भारत ने बनाए 16 रन
भारतीय बल्लेबाजों ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बटोरे। 20वें ओवर में भारत के खाते में 16 रन आए और टीम का स्कोर 6 विकेट पर 211 रन तक पहुंच गया। अक्षर पटेल एक रन बनाकर नाबाद रहे।
पाकिस्तान की ओर से अहमद दानियाल और अराफात मिनहास ने दो-दो विकेट लिए। सैम अयूब और अबरार अहमद को एक-एक सफलता मिली।
भारत को 15वें ओवर में लगा था पांचवां झटका
भारत ने 15वें ओवर में 133 रन के स्कोर पर पांचवां विकेट गंवाया था। श्रेयस अय्यर 24 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले 14वें ओवर में 128 के स्कोर पर ईशान किशन को अराफात मिनहास ने क्लीन बोल्ड किया था।
इसके बाद तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने मोर्चा संभाला और भारतीय पारी को बड़े स्कोर की ओर पहुंचाया। दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को पाकिस्तान के खिलाफ 211 रन तक पहुंचा दिया।
पाकिस्तान के सामने 212 रन का लक्ष्य
भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए हैं। अब पाकिस्तान को स्वर्ण पदक जीतने के लिए 212 रन बनाने होंगे। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 61, तिलक वर्मा ने नाबाद 51 और शिवम दुबे ने 27 रन बनाए। मुकाबला स्पिन के अनुकूल पिच पर हो रहा है, ऐसे में अब पाकिस्तान की बल्लेबाजी पर सभी की नजरें रहेंगी।



