झारखण्डराज्य

रांची के सुनसान मकान में मिला युवक का कंकाल, सिर धड़ से अलग; एक महीने से पड़ा था शव, पहचान में जुटी पुलिस

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में एक बंद पड़े मकान के परिसर से करीब 30 दिन पुराना युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार स्थित न्यू स्वर्णरेखा नगर में मिला। मृतक की उम्र करीब 25 से 28 वर्ष आंकी गई है। शव का सिर धड़ से अलग था और शरीर का मांस पूरी तरह सड़ जाने के कारण अब केवल कंकाल बचा है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है।

गुरुवार सुबह एक स्थानीय युवक अपने घर की छत पर लगी सब्जियां तोड़ने के लिए गया था। इसी दौरान उसे तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब उसने आसपास के परिसर में जाकर देखा तो वहां शव पड़ा मिला। यह देखकर वह घबरा गया और स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया गया।

सूचना मिलते ही डीएसपी मुख्यालय-वन अमर कुमार पांडेय और नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को जांच के लिए बुलाया। डीएसपी के मुताबिक, मकान नदी के किनारे स्थित है और आसपास आबादी भी कम है। इसी वजह से शव काफी समय तक पड़ा रहा, लेकिन किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।

सिर अलग होने की वजह स्पष्ट नहीं

डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि शव काफी पुराना है और मांस पूरी तरह सड़ चुका है। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक का सिर काटकर अलग किया गया था या फांसी लगाने के बाद लंबे समय तक शव पड़े रहने के कारण सड़कर सिर अलग हो गया। पुलिस दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मृतक ने जींस पैंट पहन रखी थी। घटनास्थल पर काले रंग की एक टी-शर्ट भी टंगी हुई मिली है। पुलिस इन परिस्थितियों और एफएसएल जांच से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर मौत की वजह पता लगाने में जुटी है।

कई महीनों से खाली पड़ा था मकान

मकान की मालकिन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यह घर किराए पर देने के लिए बनवाया था, लेकिन किराएदार नहीं मिलने के कारण लंबे समय से खाली पड़ा था। करीब डेढ़ महीने पहले स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया था कि परिसर का ताला तोड़कर कुछ नशेड़ी वहां जुट रहे हैं।

इसके बाद मकान मालकिन मौके पर पहुंचीं और साफ-सफाई कराने के बाद दोबारा ताला लगवा दिया। कुछ समय बाद उन्हें फिर ताला टूटने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने दोबारा ताला लगवाया। इसके बाद उन्होंने मकान की तरफ जाना बंद कर दिया था।

गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

शव पुराना होने के कारण युवक के चेहरे और शरीर से उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही दूसरे थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी भी जुटा रही है। आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान और एफएसएल जांच से मिलने वाले साक्ष्यों के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button