आदि कैलास यात्रा मार्ग पर बड़ा एक्शन: दिल्ली की प्राइवेट एर्टिगा में ढोई जा रही थीं सवारियां, 35 हजार का जुर्माना

पिथौरागढ़: आदि कैलास और ओम पर्वत यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने गुरुवार तड़के पिथौरागढ़-आदि कैलास यात्रा मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान दिल्ली नंबर की एक प्राइवेट एर्टिगा कार यात्रियों को लेकर यात्रा मार्ग पर जाती हुई पकड़ी गई। जांच में वाहन का व्यावसायिक उपयोग किए जाने का मामला सामने आया, जिसके बाद विभाग ने तत्काल सख्त कार्रवाई की।
जांच के दौरान यात्रियों ने बताया कि उन्होंने वाहन को टूर ऑपरेटर के माध्यम से 32 हजार रुपए में बुक किया था। हालांकि, वाहन के पास वैध कॉन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट नहीं मिला। नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए परिवहन विभाग ने वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया।
फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस भी मिला
कार्रवाई के दौरान चालक ने प्रवर्तन टीम को जो ड्राइविंग लाइसेंस दिखाया, वह जांच में फर्जी निकला। अधिकारियों के मुताबिक लाइसेंस को फोटोशॉप के जरिए तैयार किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वाहन स्वामी और चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और कुल 35 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
19 वाहनों के चालान, 2 वाहन सीज
परिवहन विभाग के अभियान के दौरान एक अन्य वाहन को भी अलग-अलग अनियमितताओं के चलते सीज किया गया। वहीं कुल 19 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा पर्वतीय मार्गों पर बिना हिल एंडोर्स्ड ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन संचालन करते पाए जाने पर 6 वाहनों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई।
दस्तावेजों की हुई गहन जांच
प्रवर्तन टीम ने अभियान के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, टैक्स, परमिट, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की गहन जांच की। एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल ने कहा कि पर्वतीय मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए हिल एंडोर्स्ड ड्राइविंग लाइसेंस बेहद जरूरी है। बिना वैध दस्तावेज और निर्धारित योग्यता वाले वाहनों को यात्रा मार्ग पर संचालित नहीं होने दिया जाएगा।
टूर ऑपरेटर्स को सख्त चेतावनी
परिवहन विभाग ने वाहन संचालकों और टूर ऑपरेटर्स को साफ निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्ग पर केवल वैध अभिलेखों वाले वाहन ही चलाए जाएं। अधिकारियों ने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रा अवधि के दौरान सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा और प्राइवेट वाहनों में सवारियां ढोते पाए जाने पर तत्काल सीज की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान परिवहन आरक्षी सीमा, अमित, बलदेव और महेंद्र भी मौके पर मौजूद रहे।



