
रांची: झारखंड सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 36 अधिकारियों का तबादला, नई नियुक्तियां और अतिरिक्त प्रभार सौंपे हैं। इस संबंध में सरकार की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। प्रशासनिक बदलाव के तहत कई विभागों में नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं, जबकि तीन जिलों में नए उपायुक्तों की नियुक्ति की गई है।
अधिसूचना के मुताबिक, पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे 12 आईएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और विभागीय कार्यों में तेजी लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
गढ़वा, खूंटी और देवघर को मिले नए डीसी
2014 बैच के आईएएस अधिकारी पशुपतिनाथ मिश्रा को गढ़वा का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह जिले में उप विकास आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। वहीं, 2019 बैच के आईएएस अधिकारी जावेद हुसैन को खूंटी जिले का उपायुक्त बनाया गया है।
खूंटी के मौजूदा उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया को अब देवघर का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। सरकार के इस फैसले के बाद तीन महत्वपूर्ण जिलों में प्रशासनिक नेतृत्व बदल गया है।
कई विभागों में भी बदली जिम्मेदारियां
सरकारी अधिसूचना के अनुसार, छवि रंजन को खेल एवं युवा कार्य विभाग का निदेशक बनाया गया है। वहीं, जीशान कमर को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
2013 बैच के आईएएस अधिकारी सुनील कुमार सिंह को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, भोर सिंह यादव को कृषि विभाग से हटाकर वन एवं पर्यावरण विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।
अनन्या मित्तल को मिली नई जिम्मेदारी
2015 बैच की आईएएस अधिकारी अनन्या मित्तल को झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन समिति (JSLPS) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह गढ़वा जिले की उपायुक्त थीं।
इसके अलावा नमन प्रियेश लकड़ा को पर्यटन निदेशक बनाया गया है, जबकि सत्येन्द्र कुमार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।



