उत्तर प्रदेशराज्य

आंधी में उजड़ा आशियाना, ग्रामीणों ने फिर बसाया घर… लेकिन दबंग महिलाओं ने लाठी-फरसे से कर दिया मलबे में तब्दील, भदोही की घटना से मचा हड़कंप

भदोही: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सुरयावा थाना क्षेत्र के बिहियापुर गांव में सरकार से मिली जमीन पर रह रही दो भूमिहीन विधवा महिलाओं का मकान कथित दबंग महिलाओं ने लाठी और फरसे से ढहा दिया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले आए भीषण आंधी-तूफान में उनका आशियाना पहले ही उजड़ चुका था, जिसके बाद ग्रामीणों ने मदद कर दोबारा छत खड़ी कराई थी।

पुलिस के मुताबिक, 13 मई को जिले में आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान कई मकान क्षतिग्रस्त हुए थे। इसी दौरान शांति देवी और मनीता देवी के घर की टीनशेड उड़ गई थी और पेड़ गिरने से दीवारें भी ढह गई थीं। इस प्राकृतिक आपदा में जिले में 16 लोगों की मौत भी हुई थी।

प्रशासन ने आवंटित की थी जमीन

सुरयावा थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार द्विवेदी के अनुसार, जिला प्रशासन ने 21 मई 2023 को शांति देवी और मनीता देवी को रहने के लिए डेढ़-डेढ़ बिस्वा जमीन आवंटित की थी। दोनों महिलाएं पिछले करीब तीन वर्षों से उसी जमीन पर दीवार और टीनशेड बनाकर रह रही थीं।

आंधी में घर उजड़ने के बाद दोनों महिलाएं करीब एक सप्ताह तक सड़क किनारे रहने को मजबूर रहीं। इसके बाद गांव के लोगों ने सहयोग करते हुए करीब 20 हजार रुपये की आर्थिक मदद जुटाई, जिससे 22 मई को दोनों ने दोबारा दीवार खड़ी कर टीनशेड डालकर अपना आशियाना तैयार किया।

घर बनते ही दबंग महिलाओं ने बरपाया कहर

एफआईआर के मुताबिक, उसी शाम जब दोनों महिलाएं अपना बचा हुआ घरेलू सामान लेकर वापस लौटीं तो गांव की ही इंदू देवी, नगीना देवी, जय देवी और इंद्रावती देवी कथित तौर पर लाठी और फरसा लेकर मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि उन्होंने टीनशेड तोड़ दी और नई बनी दीवारों को गिराकर पूरा मकान मलबे में तब्दील कर दिया।

पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और धमकी दी कि अब वे लोग वहां नहीं रह पाएंगी। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गईं।

चार महिलाओं पर केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

शांति देवी की तहरीर पर सुरयावा थाने में चारों आरोपी महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(4), 351(3) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के परिवार के पुरुष गांव में दबंग और प्रभावशाली माने जाते हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पीड़ित महिलाओं के रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराने की भी कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button