महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा, 700 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो; 8 युवकों की मौके पर मौत

मुंबई: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। महाबलेश्वर-पोलादपुर मार्ग पर स्थित अंबेनाली घाट में एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 700 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में वाहन में सवार सभी 8 युवकों की मौत हो गई।
खतरनाक मोड़ पर हुआ भीषण हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा अंबेनाली घाट के उस हिस्से में हुआ जहां तीखे मोड़ और गहरी ढलानें हैं। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हुई और सीधे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। शुरुआती अभियान में दो शवों को खाई से बाहर निकाला गया, जबकि बाकी लोगों की तलाश कई घंटों तक चलती रही। बाद में सभी यात्रियों के मृत होने की पुष्टि की गई।
सातारा जिले के थे अधिकांश युवक
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सातारा जिले के आसगांव क्षेत्र की थी। वाहन में सवार अधिकतर युवक सातारा और आसपास के गांवों के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान
इस हादसे में मृतकों की पहचान अंश समीर चव्हाण (19), रितेश राजेंद्र लोखंडे (22), सुहास जितेंद्र लोखंडे (20), उत्कर्ष आनंद शिंगटे (21), निखिल अभिमन्यू शिंगटे (25), महेश अनिल पवार (25), आदित्य अशोक साळुंखे (21) और राजेश अशोक काटकर (35) के रूप में हुई है।
तेज रफ्तार या नियंत्रण खोना बना वजह?
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार, घाट के खतरनाक मोड़ या वाहन से नियंत्रण खोने की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।



