मेरठ में एंटी करप्श्न टीम ने निर्माण निगम के जूनियर इंजीनियर को एक लाख की रिश्वत लेते दबोचा
एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर दोनों रिश्वतखोरों को रिश्वत की रकम लेते हुए दबोच लिया।
Meerut News : एंटी करप्शन टीम ने मेरठ में निर्माण निगम के एक जूनियर इंजीनियर और उसके चालक को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि निर्माण कार्य का बिल पास कराने के बदले जूनियर इंजीनियर रिश्वत की मांग कर रहा था। पीड़ित की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर दोनों रिश्वतखोरों को रिश्वत की रकम लेते हुए दबोच लिया। दोनों रिश्वतखोरों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
ठेकेदार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग में की
मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश निर्माण निगम के जूनियर इंजीनियर योगेंद्र कुमार और सरकारी ड्राइवर नीरज एक ठेकेदार से एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। ठेकेदार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग में की। इसके बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाते हुए रिश्वतखोरों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार की इस कार्रवाई के दौरान घूसखोर जेई ने अपने ड्राइवर को पुलिस की गिरफ्त में देखा, तो वह दफ्तर से भागने लगा। एंटी करप्शन टीम के सदस्यों ने आरोपी जेई को पीछा कर दौड़ लगाते हुए दबोच लिया। इस घूसखोरी के केस से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।



