अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को अल्मोड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने जिले को करीब 138 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के नवीन प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 17 योजनाओं का लोकार्पण और 9 योजनाओं का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से अल्मोड़ा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, नगर विकास और ग्रामीण आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, जिसके लिए पर्वतीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा जनपद सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसी को ध्यान में रखते हुए यहां लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

138 करोड़ की योजनाओं का विस्तृत ब्योरा जारी
कार्यक्रम में कुल 138.092 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया, जिसमें 112.113 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और 25.979 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
लोकार्पण की गई प्रमुख योजनाएं
लोकार्पण की गई योजनाओं में रानीखेत में क्षतिग्रस्त आवास एवं कांफ्रेंस हॉल निर्माण, राजकीय महिला पॉलीटेक्निक अल्मोड़ा में बाउंड्रीवाल निर्माण, भैरव मंदिर परिसर में पार्किंग निर्माण, जीआईसी अल्मोड़ा में बहुस्तरीय पार्किंग, केएमओयू बस स्टैंड पर बहुस्तरीय पार्किंग, पेयजल योजनाएं, मोटर मार्गों का सुधारीकरण, बाढ़ सुरक्षा कार्य, विद्यालय भवन निर्माण, स्वास्थ्य केंद्रों में ट्रांजिट हॉस्टल तथा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का प्रशासनिक भवन एवं कुलपति आवास निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

शिलान्यास की गई योजनाएं
शिलान्यास की गई योजनाओं में गोविंदपुर-दौलाघट में बैराज निर्माण, दन्या बाजार स्थित श्री सैम देवता मंदिर का सौंदर्यीकरण, विधानसभा चौखुटिया क्षेत्र में इंटर कॉलेज महाकालेश्वर में कक्ष निर्माण तथा अन्य सड़क एवं विकास परियोजनाएं शामिल हैं।
विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और पेयजल योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि पर्वतीय क्षेत्रों में जीवन स्तर में सुधार हो सके।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैडा, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलपति सतपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के सहित कई जनप्रतिनिधि, विश्वविद्यालय प्रशासन और अधिकारी उपस्थित रहे।




