उत्तर प्रदेश

‘यूपी में गुजरात मॉडल का ट्रांसफार्मर फुंक गया’, बिजली व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा हमला

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की बिजली व्यवस्था को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती बिजली समस्याओं और सरकारी कार्यशैली को निशाने पर लेते हुए भाजपा सरकार पर तंज कसा है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “यूपी में गुजरात मॉडल का ट्रांसफार्मर फुंक गया है।” उन्होंने कहा कि जबरदस्ती जोड़े गए तारों में अब चिंगारियां निकल रही हैं और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

‘बिना बिजली के दौड़ रहे मीटर’

सपा प्रमुख ने सरकार की बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली मीटर बिना सप्लाई के ही तेजी से चल रहे हैं, जबकि दूसरी ओर जनता परेशान होकर भाजपा नेताओं के पीछे दौड़ रही है। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि जो लोग दूसरों को प्रशिक्षण देने का दावा करते थे, वे खुद ही फेल साबित हो गए हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि जब नेतृत्व ही असफल हो जाए तो उनके अधीन काम करने वालों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करना मुश्किल हो जाता है।

भाजपा सरकार पर समस्याओं से भागने का आरोप

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर जनता की समस्याओं से निपटने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब यह सवाल पूछ रही है कि आखिर हर समस्या सामने आते ही भाजपा सरकार हाथ क्यों खड़े कर देती है।

उन्होंने संकेत दिया कि बिजली संकट, बढ़ते बिल और खराब व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।

बिजली व्यवस्था को लेकर लगातार हमलावर है विपक्ष

गौरतलब है कि प्रदेश में गर्मी बढ़ने के साथ ही कई जिलों में बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। विपक्ष लगातार सरकार को बिजली व्यवस्था को लेकर घेर रहा है। इसी मुद्दे को लेकर अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए गुजरात मॉडल पर भी सवाल खड़े किए हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए प्रदेश में बिजली, महंगाई और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सियासी बयानबाजी और तेज हो सकती है।

Related Articles

Back to top button