राजस्थानराज्य

जयपुर-सीकर हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रक से टकराने के बाद रेस्टोरेंट में घुसी एसयूवी, 3 की मौत

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। जयपुर-सीकर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार एसयूवी पहले एक ट्रक से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक रेस्टोरेंट में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक यह हादसा चोमू के स्टेडियम क्षेत्र के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एसयूवी में करीब 12 लोग सवार थे। ट्रक से टक्कर के बाद वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे रेस्टोरेंट में जा घुसी। इस दौरान रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी एक कार भी एसयूवी की चपेट में आ गई, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

भीषण टक्कर के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हुई है। वहीं नौ अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोमू सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही हादसे में घायल और मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

Related Articles

Back to top button