मध्य प्रदेशराज्य

इंदौर में मौसम लेने जा रहा बड़ा यू-टर्न, दो दिन और सताएगी गर्मी… फिर बादल-बारिश से मिलेगी राहत

इंदौर: भीषण गर्मी से जूझ रहे इंदौरवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में अब सिर्फ दो दिन तक तेज गर्मी का असर रहेगा। इसके बाद मौसम करवट लेगा और शनिवार से बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। वहीं रविवार से शहर में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है, जो अगले चार दिनों तक जारी रह सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश की गतिविधियां बढ़ने से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लगातार पड़ रही गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

शहर में पिछले कुछ दिनों की तुलना में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य श्रेणी में रहा, लेकिन इससे एक दिन पहले की तुलना में 0.8 डिग्री कम था।

वहीं रात और सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक रहा। हालांकि यह पिछले दिन की तुलना में मामूली बढ़ोतरी के साथ दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि करीब एक सप्ताह बाद दिन का तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंचा है और अब इसमें लगातार गिरावट के संकेत मिल रहे हैं।

31 मई से बदल जाएगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार 31 मई यानी रविवार से शहर में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। अनुमान है कि 3 जून तक रुक-रुक कर बारिश का दौर बना रहेगा। इसके साथ तेज हवाएं और बादल छाने की भी संभावना जताई गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अच्छी बारिश होती है तो सिर्फ तापमान में राहत नहीं मिलेगी, बल्कि शहर में बढ़ रहे जल संकट से भी काफी हद तक राहत मिल सकती है। लगातार बढ़ती गर्मी और पानी की समस्या से परेशान लोगों के लिए यह मौसम बदलाव राहत भरी खबर माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button