उत्तर प्रदेशराज्य

हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल बना काल! ढहे हिस्से के नीचे दबकर 6 मजदूरों की मौत, कई अब भी मलबे में फंसे

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के वक्त कई मजदूर पुल के नीचे सो रहे थे, जो भारी मलबे की चपेट में आ गए। इस भीषण दुर्घटना में 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक हादसा शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे हुआ। मजदूर देर रात तक निर्माण कार्य में जुटे थे और काम खत्म होने के बाद पुल के नीचे ही आराम कर रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी और तूफान के बीच निर्माणाधीन ढांचा अचानक ढह गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि मजदूरों को संभलने या बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला और वे मलबे के नीचे दब गए।

स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत प्रशासन को दी, जिसके बाद पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम लगातार जारी है। अधिकारियों के अनुसार अभी भी कम से कम 3 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है, जिनकी तलाश की जा रही है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में ज्यादातर मजदूर बांदा और हमीरपुर जिले के रहने वाले हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि यह पुल कुरारा क्षेत्र में मोरकंदर परसानी से नैथी गांव को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा था। इस परियोजना को लेकर लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। लेकिन अब निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

हादसे की असली वजह जानने के लिए प्रशासन ने टेक्निकल टीम को मौके पर बुलाया है। टीम निर्माण सामग्री, पिलर की मजबूती और निर्माण प्रक्रिया की जांच करेगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लिया गया है और प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या अभी बढ़ सकती है।

Related Articles

Back to top button