राजस्थानराज्य

राजस्थान में रेलवे अंडरपास निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, मिट्टी धंसने से एलएनटी के दो इंजीनियरों की मौत

जयपुर : राजस्थान के कोटा-झालावाड़ मार्ग पर दरा घाटी के पास रेलवे अंडरपास निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से लार्सन एंड टर्बो कंपनी के दो इंजीनियर मिट्टी में दब गए। हादसे में दोनों इंजीनियरों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन दल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने तत्काल राहत अभियान चलाकर मिट्टी हटाई और दोनों इंजीनियरों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक एक इंजीनियर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

निरीक्षण के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार दरा घाटी के पास रेलवे अंडरपास का निर्माण कार्य चल रहा था। यह काम लार्सन एंड टर्बो कंपनी की ओर से कराया जा रहा है। मजदूरों के काम खत्म कर लौटने के बाद कंपनी के इंजीनियर पवन कुमार झा और प्रभात सिंह निर्माण स्थल का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और दोनों इंजीनियर उसकी चपेट में आ गए।

कनवास के एसडीएम बाबूलाल मीणा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचा। राहत कार्य के दौरान प्रभात सिंह को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया, जबकि पवन कुमार झा को गंभीर हालत में कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। बाद में उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

दरा घाटी में जाम की समस्या खत्म करने के लिए बन रहा अंडरपास

बताया जा रहा है कि दरा घाटी में लंबे समय से लगने वाले जाम की समस्या को खत्म करने के उद्देश्य से करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है। हादसे के बाद निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button