उत्तराखंड

उत्तराखंड दौरे पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, विधायकों-सांसदों को देंगे जीत का मंत्र, सीएम धामी से की मुलाकात

देहरादून : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद वह दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उनके स्वजनों से भी भेंट करेंगे।

भाजपा अध्यक्ष का दिनभर का कार्यक्रम काफी व्यस्त रखा गया है। वह होटल वेलकम में सांसदों, विधायकों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर भी मंथन किया जाएगा।

शाम को नितिन नवीन ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचेंगे, जहां वह गंगा आरती में शामिल होंगे। इस दौरान संत समाज के साथ भी उनकी मुलाकात प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस कार्यक्रम में उनके साथ मौजूद रहेंगे।

विधायकों और सांसदों के प्रदर्शन का होगा आकलन

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दौरे के दौरान सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार इस दौरान जनप्रतिनिधियों के अब तक के कार्यों और संगठनात्मक सक्रियता का भी आकलन किया जाएगा।

बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी रणनीति तैयार की जा रही है। सांसदों से विधानसभा क्षेत्रवार फीडबैक लिया जा रहा है और उन्हें जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय रहने का संदेश दिया जा रहा है।

संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच तालमेल पर जोर

भाजपा नेतृत्व की ओर से संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नितिन नवीन पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को यह संदेश दे रहे हैं कि संगठन का काम जमीन पर दिखाई देना चाहिए और सभी को साझा रणनीति के साथ चुनावी लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना होगा।

Related Articles

Back to top button