राज्यराष्ट्रीय

भीषण गर्मी के बीच दिल्ली में झमाझम बारिश से बदला मौसम, कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट

दिल्ली: उत्तर भारत में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार समेत 15 राज्यों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार शाम अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। पिछले कई दिनों से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहे तापमान में अब गिरावट दर्ज की जा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण और प्री-मानसून गतिविधियों के प्रभाव से उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है।

इन राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज तूफानी हवाएं चल सकती हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से सक्रिय हो रही हैं, जिससे उत्तर और मध्य भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।

राजस्थान सबसे गर्म, लेकिन अब राहत के संकेत

बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लू चली। वहीं राजस्थान का श्रीगंगानगर 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया।

हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश और बादलों की गतिविधियां बढ़ने से इन इलाकों में भी तापमान में कमी आ सकती है।

मानसून ने पकड़ी रफ्तार

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कई हिस्सों, लक्षद्वीप क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी के कुछ इलाकों में आगे बढ़ चुका है।

विशेषज्ञों का अनुमान है कि 5 जून तक देश के लगभग 80 प्रतिशत हिस्सों में प्री-मानसून बारिश देखने को मिल सकती है। इससे गर्मी से जूझ रहे राज्यों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली-एनसीआर में तेजी से गिरा तापमान

दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। गाजियाबाद में बुधवार को तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो गुरुवार को घटकर 39 डिग्री सेल्सियस रह गया।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

Related Articles

Back to top button