महाराष्ट्रराज्य

महाराष्ट्र में जहरीली शराब का कहर! पुणे और पिंपरी चिंचवड़ में 12 लोगों की मौत, कई की हालत गंभीर

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी चिंचवड़ में जहरीली शराब पीने से अब तक 12 लोगों की मौत हो गई है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मामला पुणे के हडपसर इलाके से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां कथित तौर पर नकली शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कई लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक कुछ लोगों का इलाज अभी भी जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद राज्य सरकार भी अलर्ट मोड में आ गई है।

एक आरोपी गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज

पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने इस मामले में योगेश वानखेड़े नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसे पहले पुणे राज्य उत्पाद शुल्क विभाग ने हिरासत में लिया था। आरोप है कि उसी ने पुणे और पिंपरी चिंचवड़ के कई इलाकों में शराब की आपूर्ति की थी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब सप्लाई के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

पीड़ितों में दिखे एक जैसे लक्षण

पुणे से अब तक पांच मौतों की पुष्टि हुई है। इनमें तीन मौतें काले पाडल इलाके में और दो हडपसर क्षेत्र में हुई हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि सभी लोगों ने कथित तौर पर जहरीली शराब का सेवन किया था।

जांच अधिकारियों के मुताबिक पीड़ितों में कई समान लक्षण पाए गए। लोगों ने चक्कर आना, बेचैनी, मुंह से झाग निकलना, सांस लेने में दिक्कत और अचानक हृदय गति गिरने जैसी शिकायतें की थीं। पुलिस ने बताया कि कम से कम एक मृतक के शरीर में शराब की मौजूदगी की पुष्टि हुई है।

हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि मौत का वास्तविक कारण फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचा जा रहा है।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

गृह विभाग के सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने पुणे और पिंपरी चिंचवड़ के पुलिस आयुक्तों को संयुक्त रूप से जांच करने और शराब माफिया के खिलाफ सख्त कदम उठाने को कहा है। दोनों शहरों की पुलिस को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि संदिग्ध शराब के सेवन से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button