उत्तराखंड

उत्तराखंड में भाजपा की हैट्रिक का मंत्र, नितिन नवीन ने हिंदुत्व और संगठन-सरकार के समन्वय पर दिया जोर

देहरादून : उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की तैयारी में जुटी भाजपा ने अब संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय को सबसे बड़ा मंत्र बनाया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर गुरुवार को देहरादून पहुंचे, जहां उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति के स्पष्ट संकेत दिए।

भाजपा नेतृत्व के सामने वर्ष 2022 में हिंदुत्व की पिच पर मिली सफलता को दोहराने की बड़ी चुनौती है। ऐसे में नितिन नवीन ने संगठन और सरकार दोनों को फील्ड में सक्रिय रहने और साझा तालमेल के साथ काम करने का संदेश दिया है।

कोर कमेटी को विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय रहने के निर्देश

भाजपा अध्यक्ष ने क्षेत्रीय, सामाजिक और सांगठनिक संतुलन के आधार पर गठित प्रदेश कोर कमेटी को विधानसभा क्षेत्रों के दौरे की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं मंत्री समूह को भी रिपोर्ट कार्ड बेहतर रखने और जनता के बीच लगातार सक्रिय दिखाई देने के निर्देश दिए गए हैं।

उनके उत्तराखंड दौरे को राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि देवभूमि उत्तराखंड भाजपा के लिए वैचारिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर विशेष महत्व रखता है।

समान नागरिक संहिता को बताया बड़ी उपलब्धि

भाजपा नेतृत्व उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता के लागू होने को बड़ी उपलब्धि के तौर पर देख रहा है। इसके साथ ही अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के माध्यम से मदरसा शिक्षा में सुधार की पहल को भी पार्टी अपने बड़े प्रयोग के रूप में पेश कर रही है।

भाजपा का मानना है कि उत्तराखंड में लागू मॉडल को अब अन्य भाजपा शासित राज्यों में भी आगे बढ़ाया जा रहा है। गुजरात और असम में समान नागरिक संहिता को अपनाने का उदाहरण भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

संगठन और सरकार दोनों पर रहेगा चुनावी दारोमदार

नितिन नवीन ने अपने दौरे के पहले दिन प्रदेश कोर कमेटी की बैठक को प्राथमिकता दी। इसके बाद उन्होंने मंत्री समूह के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों और सरकार के प्रदर्शन की समीक्षा की।

भाजपा नेतृत्व का स्पष्ट संदेश है कि आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन और सरकार दोनों को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। पार्टी साझा कदमताल और बेहतर समन्वय के जरिए जीत की रणनीति पर काम कर रही है।

डबल इंजन सरकार पर भी बढ़ा दबाव

नितिन नवीन के दौरे से पहले सरकार और संगठन स्तर पर जिस तरह सक्रियता बढ़ी है, उससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी चुनावी तैयारियों में कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती। प्रदेश में संगठनात्मक मजबूती और सरकार के प्रदर्शन को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है, जिससे डबल इंजन सरकार पर दबाव भी महसूस किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button