टिहरी गढ़वाल : उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अपने दो दिवसीय टिहरी गढ़वाल दौरे के दूसरे दिन शिक्षा, पोषण, पुस्तकालय और खेल सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, ढुंगीधार आंगनबाड़ी केंद्र, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय और बौराड़ी स्टेडियम का दौरा किया तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की ली जानकारी
मुख्य सचिव ने ढुंगीधार आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते हुए बच्चों की संख्या, उपलब्ध खेल सामग्री और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की और केंद्र में बच्चों का वजन भी माप करवाया।
इस दौरान उन्होंने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही घर-घर पहुंचकर बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य की जानकारी लेने पर भी जोर दिया।

विद्यालय में मध्यान्ह भोजन और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
इसके बाद मुख्य सचिव ने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय का दौरा किया। उन्होंने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना, छात्रों की उपस्थिति, उपलब्ध फर्नीचर और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।
विद्यालय के शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत जानकारी पर उन्होंने संतोष जताया और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं की नियमित समीक्षा की जाए।
श्रीदेव सुमन पुस्तकालय की विरासत को संजोने पर जोर
मुख्य सचिव ने श्रीदेव सुमन पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध पुस्तकों, अभिलेखों तथा दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण की स्थिति का जायजा लिया। उन्हें बताया गया कि यह पुस्तकालय पुरानी टिहरी से विस्थापित होकर वर्तमान स्थान पर स्थापित किया गया है।
पुस्तकालय में राजशाही काल से लेकर आधुनिक विषयों तक का समृद्ध साहित्यिक संग्रह उपलब्ध है, जिसका लाभ शोधार्थियों, विद्यार्थियों और साहित्य प्रेमियों को मिल रहा है। मुख्य सचिव ने पुस्तकालय में अध्ययन सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा दुर्लभ दस्तावेजों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बौराड़ी स्टेडियम और बैडमिंटन हॉल परियोजना की समीक्षा
निरीक्षण के क्रम में मुख्य सचिव बौराड़ी स्टेडियम भी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल के निर्माण स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
विश्व पर्यावरण दिवस पर किया पौधरोपण
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण और हरित विकास को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी वी.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




