
हनुमान जी की पूजा से मिलता है अमरता का आशीर्वाद
बड़ा मंगल पर श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर में भंडारा आयोजित
लखनऊ : मंगलवार को चौक कोतवाली स्थित श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर में छठे बड़े मंगल पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंदिर को फूलों से सजाया गया। सुबह बजरंगबली को सिंदूर और चमेली का तेल चढ़ाया गया। मंदिर के महंत विशाल गौड़ ने भक्तों को बताया कि यह पर्व भगवान हनुमान जी की कृपा पाने के लिए पूरे प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया जाता है। हनुमानजी की पूजा और साधना से अमरत्व का आशीर्वाद मिलता है। प्रतिदिन शिवलिंग पर जलाभिषेक करने और हनुमानजी की पूजा अर्चना करने से सकारात्म ऊर्जा का निर्माण होता है और जीवन से नकारात्म शक्तियों का हास होता है।

महंत विशाल गौड़ ने बताया अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ धार्मिक शिक्षाओं का ज्ञान भी देना चाहिए ताकि वह अनुचित रास्त पर न जाकर सदमार्ग पर चलकर अपना व अपने देश का भला करें। इस अवसर पर महंत विशाल गौड़ के नेतृत्व में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे में प्रसाद वितरण किया गया। महंत जी ने स्वयं सेवा करते हुए छोला भटूरा, छोला चावल, पूड़ी सब्जी, छाछ और शिकंजी का वितरण किया। इस आयोजन में मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और स्थानीय लोगों ने सहयोग किया। शाम को भव्य आरती और कीर्तन हुआ जिसमें स्थानीय लोग शामिल हुए।



