
शनिदेव महाराज का 26वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया
कोतवालेश्वर महादेव मंदिर में आयोजन, विशेष पूजा-अर्चना के बाद हुआ विशाल भंडारा
लखनऊ : चौक कोतवाली लखनऊ स्थित कोतवालेश्वर महादेव मंदिर में शनिदेव महाराज का 26वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर के महंत विशाल गौड़ ने वैदिक मंत्रोच्चार करते हुए श्री शनिदेव महाराज का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि शांति एवं खुशहाली की कामना की। वार्षिकोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे मंदिर परिसर को लाइटों और फूलों से सजाया गया पूरे मंदिर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ भगवान शनिदेव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

इस अवसर पर मंदिर के महंत विशाल गौड़ ने कहा धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में धर्म आस्था सेवा और सद्भाव की भावना को मजबूत करना है। भगवान शनिदेव की कृपा से सभी के जीवन में सुख शांति और समृद्धि बनी रहे, यही हमारी प्रार्थना है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं सेवाभावी लोगों का आभार व्यक्त किया। महंत विशाल गौड़ ने कहा मंदिर में धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। वार्षिकोत्सव के समापन पर श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर श्री शनिदेव महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।



