मध्य प्रदेशराज्य

इंस्टाग्राम पर करोड़पति बनकर रचता रहा प्रेम का खेल, सच्चाई सामने आई तो उड़ गए होश; कॉलेज छात्रा को लेकर हुआ फरार

शहडोल: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में सोशल मीडिया के जरिए फर्जी पहचान बनाकर एक कॉलेज छात्रा को प्रेम जाल में फंसाने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर खुद को आलीशान बंगले और लग्जरी जीवनशैली वाला युवक बताने वाला शख्स वास्तव में पुट्टी-पुताई का काम करने वाला मजदूर निकला। पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया है, जबकि आरोपी अभी फरार है।

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, फिर बढ़ी नजदीकियां

पुलिस के अनुसार जैतपुर क्षेत्र की 18 वर्षीय कॉलेज छात्रा की पहचान इंस्टाग्राम पर एक युवक से हुई थी। युवक ने सोशल मीडिया पर खुद को संपन्न परिवार से जुड़ा बताते हुए महंगे घरों, शानदार बंगलों और ऐशो-आराम भरी जिंदगी की तस्वीरें साझा की थीं। लगातार बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मामला प्रेम संबंध तक पहुंच गया।

फर्जी नाम से बनाई प्रोफाइल, तस्वीरों से रचा अमीरी का भ्रम

जांच में सामने आया कि आरोपी की पहचान ग्वालियर निवासी करण धानुक के रूप में हुई है। उसने सोशल मीडिया पर अपनी असली पहचान छिपाकर ‘करण राजपूत’ नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई थी। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी पेशे से पुट्टी-पुताई का काम करता है।

बताया गया कि वह जिन बड़े मकानों और बंगलों में काम करने जाता था, वहीं की तस्वीरें और वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करता था। इन्हीं तस्वीरों के जरिए वह खुद को संपन्न और प्रभावशाली व्यक्ति के रूप में पेश करता था।

ग्वालियर से शहडोल पहुंचा, छात्रा को साथ लेकर निकल गया

पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर दिखाई गई चमक-दमक से प्रभावित होकर छात्रा आरोपी के संपर्क में आई। आरोप है कि युवक ग्वालियर से ट्रेन और बस के माध्यम से शहडोल के जैतपुर पहुंचा और छात्रा को अपने साथ चलने के लिए राजी कर लिया। इसके बाद दोनों वहां से निकल गए।

परिजनों की शिकायत पर शुरू हुई तलाश

जब छात्रा घर नहीं लौटी तो चिंतित परिजनों ने जैतपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी जेपी शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

मुरैना से सुरक्षित बरामद हुई छात्रा, आरोपी की तलाश जारी

लगातार जांच और तलाश के बाद पुलिस टीम मुरैना जिले के एक गांव तक पहुंची, जहां से छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। हालांकि पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद छात्रा को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

Related Articles

Back to top button