पत्नी ने पकड़े पति के हाथ और इस्टाग्राम प्रेमी ने तकिए से दबा दिया गला
रचना ने उसके हाथ पकड़े थे और प्रेमी सोनू ने तकिये से मुंह दबाया था।
Baghpat Crime News: बागपत जिले के नौरोजपुर गुर्जर गांव के किसान सचिन की हत्या की आरोपी पत्नी ने पुलिस पूछताछ में चौकाने वाला खुलासा किया है। आरोपी पत्नी रचना पति सचिन की हत्या कर करोड़ों रुपये की जमीन बेचकर प्रेमी के साथ आराम से रहना चाहती थी। रचना ने बताया कि सचिन की हत्या के बाद प्रेमी सोनू उससे ढाई लाख रुपये लेकर गया था। पुलिस ने हत्यारोपी प्रेमी सोनू की तलाश में दबिश दी है। पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी रचना को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
खीर में नशीली गोलियां मिलाकर खिलाई फिर घोंट दिया गला
आरोपी रचना ने पुलिस को बताया कि उसने और उसके प्रेमी सोनू निवासी रंछाड़ ने शुक्रवार रात पति सचिन को खीर में नशीली गोलियां मिलाकर खिलाईं। इसके बाद इस्टाग्राम प्रेमी सोनू के साथ तकिए से मुंह दबाकर गला घोंटकर हत्या कर दी। रचना ने उसके हाथ पकड़े थे और प्रेमी सोनू ने तकिये से मुंह दबाया था। सचिन की सामान्य मौत दिखाने के लिए खेत में कीटनाशक का छिड़काव करते समय तबीयत खराब होने से मौत होने की बात कही गई। लेकिन सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से घटना का खुलासा हो गया। पुलिस ने हत्यारोपी रचना को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने प्रेमी सोनू के साथ रहने के लिए हत्या करने की बात कबूल की।
हत्या के बाद जमीन बेचकर बाहर रहने की प्लानिंग
पति की हत्या के बाद रचना जमीन बेचकर बाहर रहने की प्लानिंग कर रही थी। वह बच्चे भी अपने साथ ही रखती। सचिन के पास अपनी करीब नौ बीघा जमीन थी और वह 60 बीघा जमीन उगाही पर लेकर फसल बुआई करता था। उसकी अपनी जमीन की कीमत ही करोड़ों रुपये है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया तकिया बरामद कर लिया है।
मर्चेंट नेवी में बताकर महिलाओं को ठगता है युवक सोनू
पुलिस जांच में पता चला कि हत्यारोपी सोनू सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर अपने को मर्चेंट नेवी का जवान बताता है। वह ड्रेस में फोटो अपलोड करता है। मर्चेंट नेवी का जवान बनकर युवक सोनू महिलाओं से दोस्ती करता था और फिर ठगी करने के बाद ब्लॉक कर देता था। उसने रचना से दोस्ती की और सचिन की हत्या के बाद ढाई लाख रुपये लेकर फरार हो गया। घटना के बाद से आरोपी सोनू ने फोन बंद कर रखा है।



