मनोरंजन

सीएम विजय-संगीता के तलाक मामले में नई तारीख तय, अगस्त तक टली सुनवाई; याचिका में लगाए गए गंभीर आरोप

चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय और उनकी पत्नी संगीता सोरनालिंगम के बीच चल रहे तलाक मामले की सुनवाई फिलहाल टल गई है। सोमवार को चेंगलपट्टू की महिला अदालत में मामले पर सुनवाई हुई, जिसके बाद अदालत ने अगली सुनवाई की तारीख 7 अगस्त तय की है।

जानकारी के अनुसार, संगीता सोरनालिंगम ने फरवरी में तलाक की याचिका दायर की थी। याचिका में उन्होंने वैवाहिक संबंधों को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला पहले 20 अप्रैल को सूचीबद्ध किया गया था, लेकिन उस दिन दोनों पक्षों के उपस्थित नहीं होने पर अदालत ने उन्हें 15 जून को पेश होने का निर्देश दिया था।

याचिका में विवाहेतर संबंध का आरोप

संगीता ने अपनी याचिका में दावा किया है कि वर्ष 2021 में उन्हें कथित तौर पर विजय के किसी अन्य महिला के साथ संबंध होने की जानकारी मिली थी। उनके अनुसार, इस मुद्दे पर बातचीत के दौरान उन्हें कई बार आश्वासन दिया गया कि वह संबंध समाप्त कर दिया जाएगा।

याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि कथित संबंध जारी रहा और संबंधित महिला के साथ यात्राओं तथा सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेने जैसी घटनाएं भी हुईं। हालांकि इन आरोपों पर विजय की ओर से सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

बच्चों पर भी असर पड़ने का दावा

तलाक याचिका में कहा गया है कि इस विवाद का असर परिवार और बच्चों पर भी पड़ा। संगीता ने दावा किया कि उनके दोनों बच्चों को भी इस पूरे घटनाक्रम के कारण असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।

याचिका में यह भी उल्लेख किया गया है कि सोशल मीडिया पर साझा की गई कुछ तस्वीरों को लेकर परिवार को आलोचनाओं और चर्चाओं का सामना करना पड़ा।

आर्थिक और व्यक्तिगत प्रतिबंध लगाने का भी आरोप

संगीता ने अदालत में दायर याचिका में यह आरोप भी लगाया है कि उन्हें पहले उपलब्ध सुविधाएं बंद कर दी गईं और आर्थिक स्तर पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गईं। साथ ही उनके आने-जाने की स्वतंत्रता पर भी रोक लगाए जाने का दावा किया गया है।

उन्होंने कहा है कि इन परिस्थितियों के कारण उन्हें मानसिक तनाव और परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिसके आधार पर विशेष विवाह अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत तलाक की मांग की गई है।

27 साल पुरानी शादी पर संकट

विजय और संगीता की शादी वर्ष 1999 में हुई थी। दोनों की शादी को करीब 27 वर्ष हो चुके हैं। अब यह मामला अदालत में विचाराधीन है और अगली सुनवाई 7 अगस्त को होगी।

राजनीतिक सफलता के बीच निजी जीवन चर्चा में

इधर राजनीतिक मोर्चे पर विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कझगम’ ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने 10 मई को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

वहीं फिल्मी करियर की बात करें तो उनकी फिल्म ‘जन नायकन’ अभी केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड में प्रक्रिया के तहत बताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button