केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर बागपत के प्रभारी मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां
प्रगति के पथ12 वर्ष पर बागपत जनपद के प्रभारी मंत्री जसवंत सैनी ने बागपत कलेक्ट्रेट सभागार में किया मीडिया संवाद।
Baghpat News: सुशासन को समर्पित देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के द्वारा 140 करोड़ भारतीयों के निरंतर सेवा 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आज जसवंत सिंह सैनी प्रभारी मंत्री जनपद बागपत संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बागपत कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया संवाद किया गया। उन्होंने विश्वास के ,विकास के, जन कल्याण के प्रगति के पथ के 12 वर्ष की उपलब्धियां को मीडिया के सामने प्रस्तुत किया।
विश्व के मानचित्र पर मॉडल बन रहा भारत
डबल इंजन सरकार ,विकास की गति अपार संदर्भ में प्रकाश डाला प्रभारी मंत्री ने सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का सबसे बड़ा लाभ उत्तर प्रदेश सहित देश के करोड़ों जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंचा है।
देश की जनता का अटूट विश्वास
मीडिया संवाद में जनपद के प्रभारी मंत्री ने कहा कि आज हम सभी एक विशेष अवसर पर एकत्र हुए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की उस विकास यात्रा पर चर्चा करने के लिए उपस्थित हैं, जिसने देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने का कार्य किया है। इन 12 वर्षों की सबसे बड़ी ताकत देश की जनता का अटूट विश्वास और सरकार का सेवा भाव रहा है।
तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर जनता ने स्पष्ट कर दिया
प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पर विश्वास जताया, वर्ष 2019 में पहले से भी बड़े जनादेश के साथ उस विश्वास को मजबूत किया और वर्ष 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुनकर जनता ने स्पष्ट कर दिया कि देश केवल वादों पर नहीं बल्कि विकास और कार्यों के आधार पर विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री जी ने सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर किए, जो यह दर्शाता है कि इस सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाएं हैं। प्रधानमंत्री जी का मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” केवल नारा नहीं बल्कि जन आंदोलन बन चुका है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक योजना का शत-प्रतिशत लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसी का परिणाम है कि पिछले वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
बैंक खातों में लाभार्थियों के पास पहुंच रहा योजना का पैसा
प्रभारी मंत्री ने कहा कि तकनीक और डिजिटल गवर्नेंस के माध्यम से सीधे बैंक खातों में लाभ पहुंचाने की व्यवस्था (DBT) लागू की गई, जिससे लाखों फर्जी लाभार्थियों को हटाया गया और लगभग 4.31 लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से बचाए गए। आज देश की सीमाएं और आंतरिक सुरक्षा पहले से कहीं अधिक मजबूत हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाईयों ने नए भारत की मजबूत इच्छाशक्ति को प्रदर्शित किया है। सरकार के प्रयासों से नक्सलवाद लगातार समाप्त हो रहा है और रेड कॉरिडोर अब विकास के ग्रीन ग्रोथ जोन में परिवर्तित हो रहा है।
वैक्सीन मैत्री अभियान में 99 देशों तक दवाइयां पहुंचाई
प्रभारी मंत्री ने कहा कि भारत ने “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को विश्व स्तर पर साकार किया है। वैक्सीन मैत्री अभियान के माध्यम से 99 देशों तक दवाइयां पहुंचाकर भारत विश्वसनीय मित्र के रूप में उभरा। जी-20 की सफल अध्यक्षता, 39 नए दूतावासों की स्थापना और 70 लाख करोड़ रुपये से अधिक विदेशी निवेश यह दर्शाता है कि दुनिया भारत पर विश्वास कर रही है। 38 देशों के साथ किए गए 09 फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स ने किसानों और उद्योगों के लिए नए अवसर खोले हैं। आज 177 देश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर विधायक छपरौली अजय कुमार , विधायक बागपत योगेश धामा ,जिला अध्यक्ष भाजपा नीरज कुमार शर्मा, जिला अधिकारी अस्मिता लाल, पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ,मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर तीरथ लाल जिला परियोजना निदेशक राहुल वर्मा, भाजपा मीडिया प्रभारी पवन शर्मा ,जिला मंत्री सुंदर धामा ,भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुनील मेवला, योगेश गुर्जर सहित सम्मानित अधिकारीगण मीडिया बन्धु उपस्थित रहे।



