अपराधउत्तर प्रदेशमेरठराज्य

बच्चे को अगवा कर पटकने के मामले में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा का एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन

घटना के पीछे किसी बच्चा चोरी गिरोह, बाल तस्करी नेटवर्क, तंत्र-मंत्र अथवा अन्य संगठित आपराधिक गिरोह की संलिप्तता हो सकती है।

Meerut Crime News: राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप जैन के नेतृत्व में एसएसपी मेरठ के कार्यालय में प्रदर्शन कर एक ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें तीन वर्षीय बालक हसन के अगवा कर हत्या के प्रयास के मामले की गहन, निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जांच की मांग की है।
मासूम बालक को परिजनों की गोद से छीनकर ले गए
ज्ञापन में कहा गया कि 16 जून 2026 को लिसाड़ी रोड क्षेत्र में हुई यह घटना अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक है। एक मासूम बालक को उसकी परिजनों की गोद से छीनकर ले जाने तथा उसके साथ हिंसक व्यवहार किए जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न कर दिया है।
ये है पूरा मामला
16 जून को हुसैन पुत्र दिलशाद सैफी निवासी शकूर नगर गली नंबर 5 लिसाड़ी रोड थाना ब्रह्मपुरी, रात 8 बजे करीब अपने भतीजे बालक हसन उम्र करीब तीन साल को अपनी गोद में लेकर घर के बाहर सड़क पर टहल रहा था। इस दौरान रिहान पुत्र अमीरुद्दीन निवासी मंदिर वाली गली शकूर नगर थाना लिसाड़ी गेट ने बालक हसन को हुसैन की गोद से छीनकर रशीदिय मस्जिद की सीढ़ियों पर पटक दिया। जिससे हसन को काफी गंभीर चोट आई। इसको लेकर दिलशाद सैफी द्वारा थाना ब्रह्मपुरी में FIR संख्या 263/2026 दर्ज कराई गई है। रिहान को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया था।
घटना के पीछे बच्चा चोरी गिरोह
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा ने मांग की कि पुलिस इस मामले की जांच केवल आरोपी तक सीमित न रखे, बल्कि सभी संभावित पहलुओं की गहराई से जांच करे। संगठन ने आशंका व्यक्त की कि इस प्रकार की घटना के पीछे किसी बच्चा चोरी गिरोह, बाल तस्करी नेटवर्क, तंत्र-मंत्र अथवा अन्य संगठित आपराधिक गिरोह की संलिप्तता हो सकती है। जिसकी जांच जरूरी है।
घटना के पीछे किसी प्रकार का नेटवर्क कार्यरत
सुदीप जैन ने कहा कि अगर घटना के पीछे किसी प्रकार का नेटवर्क कार्यरत है तो उसका पर्दाफाश होना अत्यंत आवश्यक है ताकि भविष्य में किसी अन्य मासूम बच्चे के साथ ऐसी घटना न हो सके। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्यों एवं अन्य तकनीकी तथ्यों का व्यापक विश्लेषण कर मामले का पूर्ण सत्य सामने लाने की मांग की।
एसएसपी मेरठ कार्यालय में ज्ञापन सौंपते हुए राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना तथा समाज में सुरक्षा की भावना बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। संगठन ने आशा व्यक्त की कि पुलिस प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई करेगा। इस मौके पर मौ दिलशाद सैफी, सौरभ जैन, हुसैन सैफी, अक्षय कुमार, संयम जैन, आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button