मोडीफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न एवं हूटर के खिलाफ अभियान, 5 बुलेट सीज
बिना मानक के संचालित जुगाड़ वाहन को जब्त कर स्क्रैप सेंटर भेजा गया है।
Baghpat News: हाईकोर्ट के आदेश और जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देशन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) विपिन कुमार ने जनपद में मोडीफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न एवं हूटर के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया है।
बुलेट में पाए गए मोडीफाइड साइलेंसर
अभियान के दौरान पांच बुलेट मोटरसाइकिलों को मोडीफाइड साइलेंसर पाए जाने पर सीज कर दिया। जबकि पांच अन्य वाहनों का चालान किया है। इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा एवं मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत 70 से अधिक वाहनों के चालान किए गए।
एक जुगाड़ को स्क्रैप के लिए भेजा
बिना मानक के संचालित जुगाड़ वाहन को जब्त कर स्क्रैप सेंटर भेजा गया है। जिससे कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके एवं अवैध वाहनों के संचालन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। संभागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि जनपद में सड़क सुरक्षा एवं ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि वे वाहनों में मोडीफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न एवं हूटर का प्रयोग न करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाने में सहयोग करें।



