
योगी सरकार की नई पहल से ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा बड़ा संबल, यूपीएसआरएलएम और टाटा पावर ट्रस्ट के बीच हुआ अहम समझौता
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (यूपीएसआरएलएम) और टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट के बीच बुधवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार करना है।
महिला उद्यमिता को मिलेगा नया विस्तार
राज्य मिशन कार्यालय, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुए इस समझौते के तहत महिला नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यमों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों और क्लस्टर स्तरीय संघों की संस्थागत क्षमता को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। महिलाओं को आधुनिक तकनीक, उद्यमिता और कौशल विकास का प्रशिक्षण देने के साथ उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
मिलेट कैफे और एग्रो प्रोसेसिंग इकाइयों पर रहेगा फोकस
समझौते के तहत प्रदेश में मिलेट कैफे, एग्रो प्रोसेसिंग आधारित इकाइयों और अन्य महिला नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यम स्थापित किए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। साथ ही महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
‘लखपति महिला उद्यमी’ अभियान को मिलेगी नई रफ्तार
यह साझेदारी प्रदेश सरकार के ‘लखपति महिला उद्यमी’ अभियान को भी नई गति देने का काम करेगी। महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलने से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य मजबूत होगा।
मिशन निदेशक ने बताई साझेदारी की अहमियत
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की मिशन निदेशक दीपा रंजन ने कहा कि मिशन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उनके अनुसार, टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट के साथ यह साझेदारी महिला उद्यमिता को नई दिशा देने के साथ महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें ‘लखपति महिला उद्यमी’ बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा मजबूती का आधार
टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन एवं मुख्य मानव संसाधन, सीएसआर एवं सस्टेनेबिलिटी अधिकारी हिमल तिवारी ने कहा कि यह साझेदारी महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों को सशक्त बनाने, स्थानीय उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और सतत ग्रामीण आजीविका के अवसर विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को भी नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में रहे कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की मिशन निदेशक दीपा रंजन, अपर मिशन निदेशक जयंत यादव, संयुक्त मिशन निदेशक चंद्रशेखर, राज्य परियोजना प्रबंधक आचार्य शेखर, मिशन मैनेजर नवीन शर्मा सहित मिशन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट की ओर से चेयरमैन एवं मुख्य मानव संसाधन, सीएसआर एवं सस्टेनेबिलिटी अधिकारी हिमल तिवारी, मुख्य सामुदायिक प्रभाव (सीएसआर) पंकज सिंह, गीतांजलि त्रिपाठी और अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।



