छत्तीसगढ़राज्य

OYO होटल में रातभर साथ रुके युवक-युवती, सुबह कमरे में मिला 19 वर्षीय युवक का शव, विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम!

भिलाई: छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक OYO होटल से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 19 वर्षीय युवक अपनी 23 वर्षीय महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा था। अगली सुबह युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और घटना के समय युवक के साथ मौजूद युवती से पूछताछ की जा रही है।

होटल में साथ ठहरे थे दोनों
यह घटना स्मृति नगर पुलिस चौकी क्षेत्र के कोहका स्थित एक OYO होटल की है। पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम करीब 6 बजे शादाब शेख अपनी महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा था। बताया जा रहा है कि रात के दौरान दोनों ने कमरे में शराब का सेवन किया। इसी बीच युवक की पूर्व महिला मित्र का फोन आने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।

विवाद के बाद बिगड़े हालात
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार विवाद के बाद युवती ने नशे की हालत में अपनी कलाई की नस काटने का प्रयास किया और बेहोश होकर गिर गई। इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर कमरे में मौजूद चुन्नी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

सुबह होश आया तो फंदे पर लटका मिला युवक
सुबह जब युवती को होश आया तो उसने युवक को फंदे से लटका हुआ देखा। उसने तुरंत युवक को नीचे उतारा और अपने परिचितों को सूचना दी। इसके बाद युवक को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच, युवती से पूछताछ जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्मृति नगर पुलिस मौके पर पहुंची और होटल के कमरे की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने होटल कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की है। घटना के समय कमरे में मौजूद युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और किन परिस्थितियों में युवक ने यह कदम उठाया।

सीसीटीवी फुटेज और एफएसएल जांच पर पुलिस की नजर
जांच अधिकारी होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस ने क्या बताया
पुलिस अधिकारी के अनुसार वैशाली नगर निवासी 19 वर्षीय शादाब शेख अपनी महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा हुआ था। सुबह होटल कर्मचारियों को कमरे में युवक का शव फंदे पर लटका मिला, जिसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच रात में विवाद होने की बात सामने आई है। इसके बाद महिला मित्र द्वारा अपनी कलाई की नस काटने का प्रयास किए जाने और युवक द्वारा फंदा लगाने की जानकारी मिली है। युवती ने ही युवक को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक आत्महत्या के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। युवक-युवती के संबंध, विवाद के कारण, कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। साथ ही युवक के परिजनों और दोस्तों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button