नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात, पुलिस छावनी बना सिवाया टोल प्लाजा
सांसद चंद्रशेखर ने छात्रा के परिजनों को हरसंभव मदद और न्याय दिलवाने का आश्वासन दिया।
Meerut News: मेरठ में छात्रा हत्याकांड अब राजनीति रंग ले चुका है। कमिश्नरी पर थप्पड़ कांड के बाद पीड़ित परिजनों से मिलने के लिए आज शुक्रवार को नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद मेरठ पहुंचे। नगीना सांसद को सिवाया टोल प्लाजा पर ही रोक दिया गया। पूरा टोल प्लाजा और आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद पीड़ित परिवार से मिलने के लिए गांव जाने की जिद पर अड़े रहे। इस बीच पुलिस ने सिवाया टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम में पीड़ित परिवार को बुलवाया और वहीं पर नगीना सांसद चंद्रशेखर से मुलाकात करवाई। सांसद चंद्रशेखर ने छात्रा के परिजनों को हरसंभव मदद और न्याय दिलवाने का आश्वासन दिया।
प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल तैनात
रोहटा थाना क्षेत्र स्थित गांव में छात्रा हत्याकांड के बाद प्रशासन ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था सख्त की है। गांव के प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया है। गांव में बाहरी लोगों और राजनीतिक संगठनों के अलावा मीडिया के प्रवेश पर भी रोक लगाई हुई है।
बवाल के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया
मेरठ कमिश्नरी पर प्रदर्शन और बवाल के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। जिसमें कुछ आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। लाठीचार्ज के दौरान मृतका के परिजनों से बदसलूकी और वकील को थप्पड़ मारने के मामले ने तूल पकड़ा है। मामला दलित बिरादरी से जुड़ा होने के कारण नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पीड़ित परिवार से मिलने का एलान किया था। इसके मद्देनजर पुलिस ने मेरठ की सीमा पर सुबह से ही सख्ती कर दी थी।
पीड़ित परिवार से मिलने दोपहर के समय पहुंचे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को पुलिस ने सिवाया टोल प्लाजा पर रोक दिया। टोल प्लाजा को पूरी तरह से छावनी में तब्दील कर दिया गया। बड़ी संख्या में सांसद के समर्थक भी पहुंच गए। इसके बाद चंद्रशेखर ने सिवाया टोल प्लाजा पर ही कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सांसद चंद्रशेखर पीड़ित परिजनों से मिलने की जिद की तो पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद ने कड़ी सुरक्षा के बीच सिवाया टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम में पीड़ित परिवार से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान एसपी देहात अभिजीत कुमार भी मौजूद रहे। सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने मृतका ललिता गौतम की मां और बहन से बातचीत कर पूरी मदद का भरोसा दिलाया।



