
रायपुर: प्रदेश में 15 अगस्त का स्वतंत्रता दिवस समारोह इस वर्ष भी पूरे सम्मान और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य स्तरीय कार्यक्रम सहित जिला और तहसील स्तर पर होने वाले आयोजनों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में होगा राज्य स्तरीय समारोह
बैठक में बताया गया कि राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह सुबह 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। आयोजन को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
परेड, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस
स्वतंत्रता दिवस समारोह में आकर्षक परेड का आयोजन किया जाएगा। परेड में शामिल होने वाली टुकड़ियों के चयन और रिहर्सल की जिम्मेदारी पुलिस उप महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल को पुलिस महानिदेशक के मार्गदर्शन में सौंपी गई है। वहीं समारोह के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन की जिम्मेदारी पुलिस महानिरीक्षक रायपुर निभाएंगे।
स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी तैयारियां शुरू
समारोह स्थल पर साफ-सफाई, मंच, पंडाल और बैठक व्यवस्था का दायित्व नगर पालिक निगम रायपुर को सौंपा गया है। वहीं स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन स्कूल शिक्षा विभाग और संस्कृति विभाग करेंगे। इन कार्यक्रमों के रिहर्सल और आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कलेक्टर रायपुर को दी गई है।
जिला और तहसील स्तर के कार्यक्रमों के लिए जल्द जारी होंगे निर्देश
बैठक में बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला और तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा, ताकि पूरे प्रदेश में एकरूपता के साथ आयोजन सुनिश्चित किए जा सकें।
7 से 15 अगस्त तक होगा वंदे मातरम् का गायन
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 7 अगस्त से 15 अगस्त तक सभी शासकीय कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके लिए संस्कृति विभाग अलग से दिशा-निर्देश जारी करेगा।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, कलेक्टर रायपुर गौरव कुमार सिंह, गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



