उत्तर प्रदेशग़ाज़ियाबादराज्य

गाजियाबाद में बारिश ने तोड़ा पिछले 10 साल का रिकार्ड

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार जुलाई की शुरुआत में इतनी अधिक बारिश पिछले एक दशक में पहली बार रिकॉर्ड की गई है।

Ghaziabad News: गाजियाबाद में इस बार बारिश ने पिछले 10 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। जिले में 24 घंटे में जिले में औसतन 55 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है। जो कि पिछले 10 साल में सर्वाधिक है।
गाजियाबाद में जुलाई के पहले नौ दिनों में औसतन 59 मिमी वर्षा हुई। जबकि एक जून से लेकर 9 जुलाई तक जिले में औसत बारिश 90.6 मिमी दर्ज की गई। जो कि अनुमान से करीब 12 प्रतिशत कम है।
गाजियाबाद में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। गाजियाबाद में लगातार 24 घंटे हुई झमाझम बारिश ने नया रिकार्ड बना दिया। नौ जुलाई को जिले में औसत 55 मिमी वर्षा दर्ज होने के साथ पिछले 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। वीरवार तक पिछले 24 घंटे में औसतन कुल 55 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार जुलाई की शुरुआत में इतनी अधिक बारिश पिछले एक दशक में पहली बार रिकॉर्ड की गई है।
शुक्रवार को दिन में निकली तेज धूप
शुक्रवार को दिन में तेज धूप निकली। जिससे तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। शुक्रवार को बारिश ना होने के चलते लोगों को राहत मिली। बता दें बुधवार और वीरवार को बारिश के चलते प्रमुख चौराहों, बाजारों और कॉलोनियों में जलभराव से यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा था। शहर का अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री पर पहुंच गया था।
आने वाले 24 घंटे बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिक डॉ.सूरजदेव के अनुसार गाजियाबाद में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। अगले 24 घंटे तक मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर 50 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है। लगातार सक्रिय मानसूनी सिस्टम को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो नौ जुलाई को जिले में औसतन 55 मिमी यानी सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है।
बारिश का औसत रिकार्ड पिछले दस साल में
वर्ष 2025 में 48.6 मिमी
वर्ष 2024 में 50.2 मिमी
वर्ष 2023 में 42.7 मिमी
वर्ष 2022 में 34.2 मिमी
वर्ष 2021 में 18.7 मिमी
वर्ष 2020 में 45.1 मिमी
वर्ष 2019 में 24.0 मिमी
वर्ष 2018 में 15.4 मिमी
वर्ष 2017 में 41.2 मिमी
वर्ष 2016 में 30.1 मिमी
जिले में सबसे अधिक बारिश कमला नेहरू नगर में 164 मिमी
गाजियाबाद के कमला नेहरू नगर में 164 मिमी और हिंडन इलाके में 134 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कुछ क्षेत्रों में यह आंकड़ा 195.5 मिमी तक भी दर्ज किया गया है। जो कि सर्वाधिक बताई जा रही है। जबकि जिले में एक दिन में बारिश का औसत 55 मिमी दर्ज किया गया।
यानी पिछले दस साल में एक दिन में यानी 9 जुलाई 2026 को सबसे अधिक औसत बारिश 55 मिमी रिकार्ड की गई। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि बारिश किसानों के लिए राहत बनकर आई है। बारिश से धान की रोपाई के लिए पर्याप्त नमी मिल गई है। जिससे रोपाई में तेजी आ रही है। बारिश से बाजरा, ज्वार, उड़द, मूंग और तिल की फसलों को भी लाभ मिलेगा।

Related Articles

Back to top button