
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रक में पीछे से घुसी ओवरलोड कार, झपकी आने से 11 लोग घायल
अमरोहा: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। पंजाब से बरेली लौट रहे लोगों की एक सेवन सीटर कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे के समय कार में क्षमता से अधिक 11 लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
झपकी आने से हुआ हादसा
यह हादसा अमरोहा में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर अम्हेड़ा नहर के पास सोमवार तड़के हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार चालक को वाहन चलाते समय झपकी आ गई, जिसके कारण कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार सभी लोग घायल हो गए।
पंजाब से धान रोपाई कर लौट रहे थे सभी मजदूर
घायल सभी लोग बरेली जिले के थाना हफीजगंज क्षेत्र के रसूला कमरूल निशा गांव के रहने वाले हैं। इनमें सुरेंद्र सिंह, दिवेश कुमार, गोपी, विनोद कुमार, मुकेश कुमार, सचिन कुमार, रोहतास कुमार, रामकिशोर, जयपाल सिंह और पुष्पेंद्र सिंह शामिल हैं। सभी 8 जून को पंजाब के जिला संदूर के गांव कालाझाड़ स्थित किसान मुख्तयार के फार्म पर धान रोपाई का काम करने गए थे और रविवार रात अपने घर वापस लौट रहे थे।
सेवन सीटर कार में सवार थे 11 लोग
जानकारी के मुताबिक कार को बरेली के लालपुर उस्मानपुर निवासी गुड्डू पुत्र शमशाद चला रहा था। सेवन सीटर कार में चालक समेत कुल 11 लोग सवार थे। सोमवार तड़के चालक को झपकी आने के बाद कार सीधे ट्रक से टकरा गई और हादसा हो गया।
घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार सभी घायलों का उपचार चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र बालियान ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



