
RSMT में वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत लगाए 200 पौधे
वाराणसी : मुख्यमंत्री वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत आज राजर्षि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (RSMT), यूपी कॉलेज परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ 200 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर नीम, महुआ, बरगद, पाकड़ सहित विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधे लगाए गए। इस वृक्षारोपण अभियान में प्रो. अमन गुप्ता के साथ सदस्य अनुराग सिंह, सुजीत सिंह और अन्य शिक्षकगण, कॉलेज के समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।

इस अवसर पर निदेशक प्रभारी प्रो. अमन गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों, कर्मचारियों एवं छात्रों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


