उत्तर प्रदेशबाग़पतराज्य

दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर पर बनाई पौधों की पंचवटी वाटिका

जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने हवन-पूजन कर पौधरोपण महायज्ञ में सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया।

Bagpat News: जनपद बागपत के ग्राम बिजरौल में दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर बिजरौल कट पर आयोजित पौधरोपण महायज्ञ 2026 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार में वन एवं पर्यावरण जंतु उद्यान राज्य मंत्री केपी मलिक ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश शासन आयुष विभाग के प्रमुख सचिव एवं जनपद नोडल अधिकारी रंजन कुमार तथा जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने हवन-पूजन कर पौधरोपण महायज्ञ में सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया।
मंत्री ने रोपित किया बरगद का पौधा
कार्यक्रम के दौरान वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री केपी मलिक जी ने बरगद का पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष प्रकृति के अमूल्य उपहार हैं और इनके संरक्षण तथा संवर्धन से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है। वन एवं पर्यावरण विभाग की ओर से 501 पौधों की पंचवटी वाटिका की स्थापना को पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत और जनजागरूकता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया है। वन पर्यावरण माननीय राज्य मंत्री ने कहा पंचवटी वाटिका पांच पवित्र एवं छायादार वृक्षों के समूह का प्रतीक है, जो भारतीय परंपरा में प्रकृति के संतुलन और जीवन के समग्र विकास से जुड़ा हुआ है।
पंचवाटिका में पांच पौधों का रोपण किया
पंचवटी में सामान्यत पीपल, बरगद, बेल, अशोक और आंवला जैसे पांच महत्वपूर्ण पौधों का रोपण किया है। ये वृक्ष पर्यावरणीय संतुलन, जैव विविधता, औषधीय गुणों और मानसिक शांति के लिए विशेष महत्व रखते हैं। विभाग ने बताया कि पंचवटी की अवधारणा हमारे पौराणिक ग्रंथों में वर्णित पंचमहाभूत पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश से प्रेरित है।
प्रकृति संरक्षण करना हमारी जिम्मेदारी
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कहा कि पौधरोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया
इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह मुख्य वन संरक्षक मेरठ के एलांगो ,वन संरक्षक आदर्श सिंह, डीएफओ विनोद कुमार ,अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व विनीत कुमार उपाध्याय, परियोजना निदेशक राहुल वर्मा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार ,जिला विकास अधिकारी ,वन क्षेत्र अधिकारी बागपत श्रवण कुमार ,बड़ौत सुनेद्र कुमार सहित आदि अधिकारी कर्मचारी , स्थानीय नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण महायज्ञ कार्यक्रम में सहभागिता कर सभी ने पौधारोपण किया ।

Related Articles

Back to top button