उत्तराखंडराजनीतिराज्य

राहुल गांधी की रैली पर देहरादून में देर रात हाई वोल्टेज ड्रामा, परेड ग्राउंड से हटी कांग्रेस, अब यहां होगा कार्यक्रम

देहरादून: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड में सियासी माहौल गरमा गया है। परेड ग्राउंड में कार्यक्रम की अनुमति रद्द होने के बाद कांग्रेस ने आयोजन स्थल बदलने का फैसला लिया है। अब यह कार्यक्रम देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि यह निर्णय छात्रों और उनके अभिभावकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।

परेड ग्राउंड में अनुमति नहीं मिलने के बावजूद मंगलवार देर रात कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए परेड ग्राउंड के मुख्य द्वार तक पहुंच गए और गेट खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में कांग्रेस नेताओं ने मैदान के बाहर धरना देकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

अनुमति रद्द करने पर सरकार पर लगाए आरोप

धरने के दौरान उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले तीन दिनों के लिए कार्यक्रम की अनुमति दी गई थी, लेकिन बाद में सरकार के दबाव में उसे निरस्त कर दिया गया।

गोदियाल ने दावा किया कि जिस स्थान पर सरकारी कार्यक्रम होने का हवाला देकर अनुमति रद्द की गई, वहां वास्तव में कोई गतिविधि नहीं चल रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि निर्धारित 65 हजार रुपये की जगह पार्टी ने 1.77 लाख रुपये जमा किए थे, इसके बावजूद अनुमति वापस ले ली गई। उनके अनुसार, यह फैसला राजनीतिक दबाव में लिया गया है और सरकार राहुल गांधी के कार्यक्रम से घबराई हुई है।

सुरक्षा का हवाला देकर बदला गया आयोजन स्थल

देर रात तक चले सियासी घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने परेड ग्राउंड में कार्यक्रम कराने का फैसला वापस ले लिया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पार्टी कार्यक्रम कराने की पूरी तैयारी में थी, लेकिन छात्रों और अभिभावकों की सुरक्षा को देखते हुए आयोजन स्थल बदलने का निर्णय लिया गया। उनका कहना था कि पार्टी चाहती है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाला हर छात्र सुरक्षित माहौल में आए और सकुशल अपने घर लौटे।

17 जुलाई को ही होगा राहुल गांधी का कार्यक्रम

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम तय कार्यक्रम के अनुसार 17 जुलाई को ही आयोजित होगा। हालांकि अब इसका आयोजन परेड ग्राउंड की बजाय देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में किया जाएगा। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस अधिकारी कांग्रेस नेताओं के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं। आयोजन स्थल बदलने के बाद फिलहाल स्थान को लेकर जारी विवाद शांत होता दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Back to top button