हिमाचल में STF की बड़ी कार्रवाई: घर में चल रहे नशे के कारोबार का भंडाफोड़, 11.1 ग्राम चिट्टे के साथ युवक-युवती गिरफ्तार

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की कुल्लू टीम ने मंडी जिले के औट थाना क्षेत्र के नगवाईं गांव में एक रिहायशी मकान पर छापा मारकर 11.1 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि नगवाईं गांव स्थित एक मकान में नशीले पदार्थ की खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल छापेमारी की।
कमरे की तलाशी में मिला चिट्टा
छापेमारी के दौरान मकान के एक कमरे में विवेक कुमार उर्फ कन्नू (27) और कुल्लू जिले के न्यूली गांव की रहने वाली युवती किरन मौजूद मिले। कार्रवाई के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को भी मौके पर गवाह के रूप में बुलाया गया।
उनकी मौजूदगी में कमरे की तलाशी ली गई, जिसमें विवेक कुमार के कमरे से 11.1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद एसटीएफ ने दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ औट थाना में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच नियमानुसार की जा रही है।
सप्लाई चेन और नेटवर्क की होगी गहन जांच
डीएसपी एसटीएफ कुल्लू हेम राज वर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी।
उन्होंने बताया कि बरामद चिट्टे के मुख्य स्रोत, उसकी सप्लाई चेन, वित्तीय लेन-देन और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।



