राज्य

हिमाचल में 5 दिन फिर बरसेगा मानसून, 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी, भारी बारिश की चेतावनी

शिमला: हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मानसून की रफ्तार तेज होने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 18 जुलाई से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होगा। इसे देखते हुए 20 और 21 जुलाई के लिए छह जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

इन 6 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, सिरमौर और शिमला जिले के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

18 और 19 जुलाई को रहेगा येलो अलर्ट

पूर्वानुमान के मुताबिक 18 और 19 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और चंबा जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इसके चलते इन चार जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 20 और 21 जुलाई को बारिश का दौर और अधिक तेज होने का अनुमान है।

18 से 22 जुलाई तक सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि 18 से 22 जुलाई के बीच प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इसी अवधि के लिए भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

जुलाई में सामान्य से 21 फीसदी अधिक बारिश

मौसम विभाग के अनुसार जुलाई महीने में अब तक हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 21 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। इस वर्ष प्रदेश में मानसून ने 30 जून को दस्तक दी थी। पिछले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने से मैदानी इलाकों में उमस बढ़ी है। बुधवार को प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

24 घंटे में गोहर में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान मानसून की गतिविधियां सीमित रहीं। मंडी जिले के गोहर में सबसे अधिक 31 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पंडोह में 19 मिलीमीटर, शिमला जिले के सराहन में 18 मिलीमीटर और मंडी के सुंदरनगर में 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकांश क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के कारण तापमान में भी मामूली बढ़ोतरी देखी गई।

Related Articles

Back to top button