हिमाचल में फिर बरसेगा मानसून, 20-21 जुलाई के लिए 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; 5 दिन भारी बारिश की चेतावनी

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मानसून फिर रफ्तार पकड़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 18 जुलाई से प्रदेश में बारिश का दौर तेज होगा। इसे देखते हुए 20 और 21 जुलाई के लिए चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, सिरमौर और शिमला जिलों के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही मौसम से जुड़ी सभी चेतावनियों का पालन करने की सलाह भी दी गई है।
18 और 19 जुलाई को चार जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 18 और 19 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और चंबा जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 20 और 21 जुलाई को बारिश की तीव्रता बढ़ने के अनुमान के चलते छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
18 से 22 जुलाई तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि 18 से 22 जुलाई के बीच प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय रहेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने इस अवधि के लिए भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया है।
जुलाई में सामान्य से 21 फीसदी अधिक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार जुलाई महीने में अब तक हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 21 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। इस वर्ष प्रदेश में मानसून ने 30 जून को दस्तक दी थी। हाल के दिनों में बारिश कम होने से मैदानी इलाकों में उमस बढ़ गई है। बुधवार को प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान मानसून कमजोर रहने से प्रदेश में सीमित बारिश दर्ज की गई। मंडी जिले के गोहर में सबसे अधिक 31 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मंडी के पंडोह में 19 मिमी, शिमला जिले के सराहन में 18 मिमी और मंडी के सुंदरनगर में 12 मिमी बारिश हुई। अधिकांश क्षेत्रों में हल्की या बहुत कम बारिश दर्ज होने से तापमान में भी मामूली बढ़ोतरी देखी गई।



