राष्ट्रीय

24 साल बाद बदली IRCTC वेबसाइट की तस्वीर! लॉन्च हुआ नया पोर्टल, अब टिकट बुकिंग होगी पहले से ज्यादा तेज और आसान

नई दिल्ली: भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा संचालित करने वाली आईआरसीटीसी ने अपनी वेबसाइट का नया बीटा संस्करण लॉन्च कर दिया है। बुधवार रात 9 बजे नए पोर्टल को लाइव किया गया। नए प्लेटफॉर्म में आधुनिक डिजाइन, आकर्षक रंग संयोजन और कई उपयोगकर्ता-अनुकूल सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जिनका उद्देश्य टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को पहले से अधिक आसान, तेज और सुविधाजनक बनाना है।

करीब 24 वर्षों बाद आईआरसीटीसी की वेबसाइट में यह बड़ा बदलाव किया गया है। वर्ष 2002 में शुरू हुई पुरानी वेबसाइट को इंटरनेट और डिजिटल तकनीक में आए बड़े बदलावों को ध्यान में रखते हुए अब आधुनिक स्वरूप दिया गया है, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।

आईआरसीटीसी के मुताबिक, प्लेटफॉर्म पर हर दिन लगभग 14.5 लाख टिकटों की बुकिंग होती है, जबकि हर महीने करोड़ों यात्री इस सेवा का उपयोग करते हैं। इसी बढ़ते उपयोग और यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए नए पोर्टल को तेज प्रदर्शन और बेहतर उपयोगकर्ता अनुभव के साथ तैयार किया गया है।

नई वेबसाइट में क्या-क्या बदला?

नई वेबसाइट में बार-बार कैप्चा भरने की अनिवार्यता को काफी हद तक समाप्त कर दिया गया है, जिससे टिकट बुकिंग प्रक्रिया पहले से अधिक सहज होगी।

वेबसाइट से अनावश्यक फ्लैशिंग ग्राफिक्स और गैर-जरूरी पॉप-अप हटा दिए गए हैं, जिससे उपयोगकर्ताओं को बिना किसी बाधा के सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

अब टिकट बुकिंग के दौरान सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी। इससे यात्रियों को अलग-अलग विकल्प देखने में आसानी होगी।

बुकिंग प्रक्रिया के चरणों को भी कम किया गया है, जिससे भुगतान तक पहुंचने में कम समय लगेगा और टिकट पहले की तुलना में अधिक तेजी से बुक किए जा सकेंगे।

इसके अलावा, यात्रियों की आवश्यक जानकारी सुरक्षित रखी जाएगी, जिससे अगली बार टिकट बुक करते समय बार-बार वही विवरण दर्ज करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

वेबसाइट के नए स्वरूप में छात्रों का भी योगदान

आईआरसीटीसी ने बताया कि नई वेबसाइट के डिजाइन और उपयोगकर्ता इंटरफेस को बेहतर बनाने में छात्रों के सुझावों का भी उपयोग किया गया है। नए रंग संयोजन और लेआउट को अधिक आकर्षक तथा उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने के लिए उनके सुझाव शामिल किए गए हैं। फिलहाल यह बीटा संस्करण है और यात्रियों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर अंतिम संस्करण में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

जल्द नए रिजर्वेशन इंजन से भी जुड़ेगा पोर्टल

आईआरसीटीसी ने जानकारी दी है कि आने वाले समय में इस नए पोर्टल को उन्नत किए जा रहे पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन से भी जोड़ा जाएगा। प्रेस सूचना ब्यूरो के अनुसार, वर्षों पुराने रिजर्वेशन सिस्टम को आधुनिक तकनीक के अनुरूप अपग्रेड किया जा रहा है।

संभावना है कि अगले कुछ सप्ताह में नया रिजर्वेशन इंजन भी लॉन्च कर दिया जाएगा। इसके लागू होने के बाद टिकट बुकिंग की क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को पहले से अधिक तेज, आसान और बेहतर ऑनलाइन बुकिंग सेवा उपलब्ध होगी।

Related Articles

Back to top button