बुलंदशहर में दो पक्षों में 20 मिनट फायरिंग, सजायाफ्ता युवक को मारी गोली, हिस्ट्रीशीटर के भाई को फॉर्च्यूनर से कुचला
आरोपी प्रियांशु ने वारदात स्थल पर करीब 30 मीटर दूर खड़े सोनू पर फॉर्च्यूनर चढ़ाई।
Bulandsahar News: जिले के सिकंदराबाद के गांव निजामपुर दो पक्षों में 20 मिनट तक फिल्मी स्टाइल में फायरिंग हुई। जिसमें दो लोगों की हत्या कर दी गई। एक पक्ष ने हत्या करने के दोषी और सजायाफ्ता अजब सिंह को गोली मारी। वहीं दूसरे पक्ष ने हिस्ट्रीशीटर के भाई को फॉर्च्यूनर से कुचलकर मार दिया।
फायरिंग से अफरातफरी मच गई। एक के बाद एक दुकानदार दुकानें खुली छोड़कर भाग गए।
मौजूद लोगों ने खुद को दीवारों के पीछे छिपकर बचाया
मौके पर मौजूद लोगों ने खुद को दीवारों के पीछे छिपकर बचाया। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रियांशु ने वारदात स्थल पर करीब 30 मीटर दूर खड़े सोनू पर फॉर्च्यूनर चढ़ाई। इसके बाद अजब सिंह और प्रियांशु के साथियों ने सोनू पर लाठी-डंडों से हमला किया। इसके चलते उसे संभलने का मौका भी नहीं मिला। दोनों पक्षों के बड़ी संख्या में लोग एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे। गांव के लोग दहशत में हैं और घटनाक्रम के बारे में कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
पुराने गैंगवार की आई याद
ग्रामीण ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि गांव में करीब पुराने गैंगवार की यादें ताजा हो गई। एक बुजुर्ग ने बताया कि एक खानदान के दो पक्षों में उस दौरान हुए विवाद में करीब 15 लोगों की हत्या हुई थी।
गांव निजामपुर में हुए विवाद के दौरान ग्रेटर नोएडा रोड पर जाम लग गया। विवाद और फायरिंग की वारदात को देखते हुए बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने अपने वाहन दूर ही रोक लिए थे।
दर्ज हुई एफआईआर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक सोनू के भाई अनिल की तहरीर पर पुलिस ने गांव निजामपुर निवासी राँकी व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं मृतक अजब सिंह के बेटे प्रियांशु की तहरीर पर गांव निजामपुर निवासी सतपाल और अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
ब्याज पर पैसा देकर खरीदी जमीन
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अजब सिंह के परिवार की माली हालत खराब थी। परिवार पर बमुश्किल तीन से चार बीघा जमीन थी। बाद में अजब सिंह जरूरतमंद लोगों को ब्याज पर पैसे देने लगा। इनमें से कई लोग उसका पैसा नहीं चुका पाए तो उसने उनकी जमीन ले ली। जैसे-जैसे उसके पास पैसा बढ़ता गया वैसे वह गांव में दबंगई भी करने लगा। दोनों ओर से एक-एक व्यक्ति की लाश गिरी। तीन लोग घायल हैं। आठ को गिरफ्तार किया गया है। दोनों तरफ के 21 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटनाक्रम मंगलवार को रात दस बजे सिकंदराबाद कोतवाली के गांव निजामपुर में हुआ।



