तिरुवनंतपुरम के होटल की लिफ्ट में 15 मिनट तक फंसे शशि थरूर, फायर टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला

तिरुवनंतपुरम: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद शशि थरूर शुक्रवार शाम केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के एक निजी होटल की लिफ्ट में करीब 15 मिनट तक फंस गए। वह यहां ‘रोटरी क्लब ऑफ त्रिवेंद्रम ईस्ट’ के स्थापना समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। घटना की सूचना मिलते ही बचाव अभियान शुरू किया गया और अग्निशमन एवं बचाव सेवा की टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
होटल में सांसद के लिफ्ट में फंसने की खबर मिलते ही कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शशि थरूर के साथ लिफ्ट में मौजूद अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
तकनीकी खराबी बनी वजह
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, शाम 7:37 बजे सूचना मिली कि सांसद होटल की लिफ्ट में फंस गए हैं। इसके बाद रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती प्रयास में होटल कर्मचारियों और अन्य लोगों ने लोहे की रॉड की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
जांच में पता चला कि तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट निर्धारित मंजिल तक नहीं पहुंच सकी थी। इसी वजह से उसका ऑटोमैटिक डोर लॉक सक्रिय हो गया। लिफ्ट मैकेनिक ने भी दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह भी सफल नहीं हो सके।
हाइड्रोलिक उपकरण से खोला गया दरवाजा
मौके पर पहुंची फायर टीम ने आधुनिक हाइड्रोलिक स्प्रेडर का इस्तेमाल करते हुए कुछ ही मिनटों में लिफ्ट का दरवाजा खोल दिया। शाम 7:51 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ और शशि थरूर सहित सभी लोग सुरक्षित बाहर आ गए।
बाहर आते ही बचाव दल का जताया आभार
लिफ्ट से बाहर निकलने के बाद शशि थरूर ने मुस्कुराते हुए राहत की सांस ली और बचाव दल की सराहना करते हुए कहा, “आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। वेल डन! आपने शानदार काम किया है।” अधिकारियों द्वारा हालचाल पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि लिफ्ट में मौजूद सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना के बाद शशि थरूर ने बचाव दल के सदस्यों को चाय पीने का निमंत्रण भी दिया, लेकिन अधिकारियों ने अपनी ड्यूटी का हवाला देते हुए विनम्रतापूर्वक इसे स्वीकार नहीं किया। बाद में सांसद ने त्वरित और सफल रेस्क्यू अभियान के लिए अग्निशमन कर्मियों को सम्मानित भी किया।



