न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन पर शुरू हुआ हाई-कैपेसिटी ईवी चार्जिंग स्टेशन
आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर हाई-कैपेसिटी इवी चार्जिंग स्टेशन का परिचालन इसी वर्ष की शुरुआत में किया गया है।
Ghaziabad News: न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन पर एक हाई-कैपेसिटी इलेक्ट्रिक व्हीकल (इवी) चार्जिंग स्टेशन जनता के लिए शुरू कर दिया गया है। हरित एवं सतत गतिशीलता में योगदान देने के लक्ष्य के साथ परिचालित किया गया यह चार्जिंग स्टेशन, दिल्ली के सबसे बड़े पब्लिक अल्ट्रा-फास्ट इवी चार्जिंग स्टेशनों में से एक है। यह सुविधा इलेक्ट्रिक व्हीकल चलाने वालों को एडवांस्ड फास्ट चार्जिंग सर्विस प्रदान करती है।
एक साथ चार्ज हो सकेंगी निजी और इलेक्ट्रिक बसों
इस चार्जिंग स्टेशन में 14 डीसी चार्जिंग पॉइंट प्रदान किए गए हैं, जिससे कई निजी और व्यावसायिक इवी और इलेक्ट्रिक बसों को एक साथ चार्ज किया जा सकता है। इनमें 240 किलो वॉट के सात डीसी चार्जिंग पॉइंट, 360 किलो वॉट के चार डीसी अल्ट्रा-फास्ट चार्जिंग पॉइंट (तेज़ एवं कम समय में चार्जिंग करने के लिए) और हैवी-ड्यूटी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 480 किलो वॉट के तीन डीसी अल्ट्रा-फास्ट चार्जिंग पॉइंट शामिल हैं।

निजी और व्यावसायिक इवी, दोनों के लिए डिज़ाइन किए गए इस चार्जिंग स्टेशन में सुरक्षित और भरोसेमंद चार्जिंग सुविधा सुनिश्चित करने के लिए एडवांस्ड सेफ्टी और मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए गए हैं। यूज़र्स एक मोबाइल ऐप द्वारा इस चार्जिंग स्टेशन का प्रयोग कर सकते हैं। इस ऐप के माध्यम से वह इसकी लोकेशन का पता लगाने के साथ-साथ चार्जिंग फेसिलिटी का सुगम उपयोग भी कर सकते हैं।
स्टेशन पर ही आसानी से अपने वाहनों को चार्ज कर सकेंगे
इस चार्जिंग स्टेशन के परिचालन के बाद जो यात्री नमो भारत स्टेशनों तक पहुंचने के लिए निजी इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रयोग करते हैं, वे अब स्टेशन पर ही आसानी से अपने वाहनों को चार्ज कर सकेंगे। इससे न केवल नमो भारत के यात्रियों को फ़ायदा होगा, बल्कि आस-पास के इलाकों में रहने वाले लोगों को भी लाभ मिलेगा। चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तक आसान पहुँच होने से इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वह लोग जो चार्जिंग सुविधाओं की कमी के कारण इवी का प्रयोग करने से हिचकिचाते हैं, उन्हें इससे प्रोत्साहन मिलेगा।
नौ नमो भारत स्टेशन पर इवी चार्जिंग सुविधा
यह पहल हरित गतिशीलता को बढ़ावा देने और इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के लिए एनसीआरटीसी द्वारा किए जा रहे प्रयासों का एक हिस्सा है। इस सुविधा के परिचालन के साथ, अब कुल 9 नमो भारत स्टेशनों पर इवी चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध हैं, जिनमें साहिबाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मेरठ साउथ और आनंद विहार शामिल हैं। आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर हाई-कैपेसिटी इवी चार्जिंग स्टेशन का परिचालन इसी वर्ष की शुरुआत में किया गया है।

पर्यावरण सुरक्षा एनसीआरटीसी की प्राथमिकता रही
नमो भारत नेटवर्क के साथ इवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को एकीकृत कर एनसीआरटीसी का लक्ष्य यात्रियों के लिए बेहतर सुविधा सुनिश्चित करने के साथ-साथ हरित एवं सतत शहरी परिवहन को बढ़ावा देना है। नमो भारत परियोजना के आरंभ से ही पर्यावरण सुरक्षा एनसीआरटीसी की प्राथमिकता रही है और वह निरंतर इस दिशा में कार्य कर रहा है। एक अधिक हरित एवं सतत परिवहन प्रणाली का निर्माण करने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा का अधिक से अधिक प्रयोग, ऊर्जा-कुशल बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना, इसी दिशा में किए गई कुछ उल्लेखनीय प्रयास हैं।



